श्रीदेवी : इतनी खूबसूरत, खूबसूरत शब्द छोटा पड़ जाए

श्रीदेवी को पंचतत्त्व में विलीन हुए चौबीस घंटे बीत चुके हैं। सोनी मैक्स पर गुरुवार को लगातार उनकी फिल्मों का प्रदर्शन जारी रहा, जिसमें उनकी लम्हे, चाँदनी और अन्य फिल्में दिखायी गई। इन फिल्मों में श्रीदेवी बहुत खूबसूरत नजर आईं।

‘दाग’ के जरिये अपना प्रोडक्शन हाउस खोलने वाले यश चोपड़ा ने अपनी फिल्मों में नायिका को बहुत खूबसूरती के साथ पेश किया। फिल्म में वे एक गीत नायिका के ऊपर ऐसा फिल्माते थे जिसमें वह सफेद साड़ी में नजर आती थी। यश चोपड़ा को सफेद रंग से बेहद लगाव था।

श्रीदेवी के साथ उन्होंने दो फिल्मों बनाई—चाँदनी और लम्हे—इन दोनों फिल्मों में उन्होंने श्रीदेवी को बहुत खूबसूरत दिखाया। इतना खूबसूरत कि खूबसूरत शब्द भी छोटा पड़ गया। ‘चाँदनी’ में बारिश के दौरान फिल्माया गया गीत—लगी आज सावन की फिर वो झड़ी है—श्रीदेवी के साथ-साथ विनोद खन्ना और जूही चावला पर फिल्माया गया था। हालांकि इस गीत में उन्होंने सफेद साड़ी नहीं पहनी थी, लेकिन जिस खूबसूरती से यश चोपड़ा ने उन्हें परदे पर दिखाया वह लाजवाब था। ‘चाँदनी’ को उन्होंने सफेद साड़ी के स्थान पर सफेर कुर्ते पजामे में दिखाया था। दृश्य था जब श्रीदेवी छत पर खड़ी हैं और ऋषि कपूर हैलीकॉप्टर से फूल बरसा रहे हैं। इसी ड्रेस में उन्होंने ‘श्री’ पर हॉस्पिटल में कुछ गमगीन दृश्य फिल्माये थे।

‘चाँदनी’ के बाद यश चोपड़ा ने उन्हें ‘लम्हें’ में दोहराया। ‘लम्हें’ बॉक्स ऑफिस पर असफल हो गई थी लेकिन इस फिल्म के लिए श्रीदेवी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का ‘फिल्मफेयर पुरस्कार’ मिला था।