Cirkus Box Office: फ्लॉप की हैट्रिक की तरफ रणवीर सिंह, गड़बड़ा गया 'सर्कस' का खेल

'सिम्बा' जैसे धमाकेदार हिट देने वाले स्टार रणवीर सिंह की नई फिल्म 'सर्कस' शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। इस फिल्म का डायरेक्शन रोहित शेट्टी ने किया है। लेकिन फिल्म पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई। आंकड़े जो बता रहे हैं उस हिसाब से 'सर्कस' पिछले एक दशक से जोरदार हिट फिल्में दे रहे रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह दोनों के लिए थोड़ी सी उदासी लेकर आती दिख रही है। लॉकडाउन के बाद बॉलीवुड को पहली बड़ी हिट 'सूर्यवंशी' देने वाले शेट्टी की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर इतनी फीकी पड़ जाएगी, जिसकी उम्मीद नहीं थी।

शुक्रवार के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की शुरूआती आंकड़े कह रहे हैं कि 'सर्कस' ने पहले दिन 7.5 करोड़ से 8.5 करोड़ रुपये के बीच कमाई की है। फाइनल आंकड़े आने पर कलेक्शन अगर थोड़ा बढ़ भी जाए, तब भी ये तय है कि 'सर्कस' पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर दहाई का आंकड़ा छूने से चूक गई है।

रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह की फिल्म के लिए पहले दिन की एडवांस बुकिंग भी बहुत कम थी। फिर भी अनुमान लगाया जा रहा था कि इन दो बड़े नामों का कमाल बॉक्स ऑफिस पर इतना तो जरूर रहेगा कि 'सर्कस' 10 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी। लेकिन फिल्म का फर्स्ट डे कलेक्शन इससे भी चूकता नजर आ रहा है।

आपको बता दे, बॉलीवुड के सबसे दमदार परफॉर्मर्स में से एक रणवीर सिंह को बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी नहीं मिल रही। लॉकडाउन के बाद उनकी रिलीज '83' और 'जयेशभाई जोरदार' बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई हैं। हालांकि दोनों ही फिल्मों में रणवीर के काम को काफी पसंद किया गया।लेकिन 'सर्कस' के लिए तो रणवीर के काम को भी तारीफनहीं मिल रही। ऊपर से जिस तरह की शुरुआत फिल्म को मिली है, अगर ये फ्लॉप हुई तो लॉकडाउन के बाद रणवीर की लगातार तीसरी फिल्म फ्लॉप होगी।