बैक-टू-बैक 4थी 100 करोड़ी देने की तैयारी में रणवीर सिंह, दो सप्ताह बाद होगा धमाका

तीन सप्ताह पूर्व रणवीर सिंह की अगली फिल्म ‘गुल्ली बॉय’ का ट्रेलर जारी किया गया था। इसके साथ ही उनकी इस फिल्म के दो गीत भी जारी किए जा चुके हैं जो दर्शकों और श्रोताओं के दिलो दिमाग पर छा गए हैं। विशेष रूप से रणवीर सिंह की आवाज में गाया रैप ‘अपना टाइम आएगा’ ने दिनों-दिन लोकप्रियता की नई बुलंदियों को छू रहा है। फिल्म में रणवीर सिंह स्ट्रीट रैपर की भूमिका में हैं। रणवीर सिंह ने इस फिल्म के लिए देसी रैपर्स से रैप की ट्रेनिंग ली है।

जोया अख्तर के निर्देशन में बनी ‘गुल्ली बॉय’ मुम्बई के लोकल रैपर नावेद शेख और विवियन फर्नांडिज की जिन्दगी पर आधारित है। इन दोनों रैपरों को अपने गीत ‘मेरी गली में. . . ’ के लिए जाना जाता है। जोया अख्तर रणवीर सिंह के साथ इससे पहले ‘दिल धडक़ने दो’ में काम कर चुकी हैं। उनकी यह फिल्म शहरी समाज में आर्थिक आधार पर जमीन आसमान का अन्तर रखने वाले दो वर्गों के संघर्ष को दर्शाती है। यह सच है कि बेहतर मौकों की कमी की वजह से समाज के एक हिस्से को हार मान लेना होता है। सपनों को मारना पड़ जाता है।

लेकिन जोया अख्तर के निर्देशन में बनी गुल्ली बॉय उसके आगे की कहानी है। इसकी एक झलक ट्रेलर में दिखती है। ट्रेलर में एक साधारण स्ट्रगलर, रैपर के रूप में रणवीर सिंह मुश्किलों से जूझते नजर आते हैं। वो कई मोर्चों पर अपनी लड़ाई करते दिख रहे हैं। गलियों से निकलकर अपने ख्वाबों को पूरा करने की जिद उसे किस मुकाम पर ले जाती है यही मूल रूप से फिल्म की कहानी है।