क्या टूट गई हिरानी और चोपडा की दोस्ती, एक लडकी. . . से निर्माता के तौर पर नाम हटा

बॉलीवुड के गलियारों में इस वक्त चर्चा हो रही है कि क्या निर्माता निर्देशक राजकुमार हिरानी और विधु विनोद चोपडा की दोस्ती टूट गई है। क्या उन दोनों ने अपनी राहों को अलग-अलग कर लिया है। यह सवाल बॉलीवुड के गलियारों में इसलिए दौड़ रहा है क्योंकि हाल ही में 1 फरवरी हो प्रदर्शित होने वाली फिल्म ‘एक लडकी को देखा तो ऐसा लगा’ के जो पोस्टर जारी किए गए हैं उनमें से बतौर निर्माता राजकुमार हिरानी का नाम हटा दिया गया है। जबकि फिल्म की शुरूआत में जो पोस्टर जारी हुए थे, उनमें राजकुमार हिरानी का नाम बतौर निर्माता शामिल था।

सोनम कपूर और राजकुमार राव की आने वाली फिल्म ‘एक लडक़ी को देखा तो ऐसा लगा’ फरवरी में रिलीज होने जा रही है। पिछले दिनों इस फिल्म के दो पोस्टर्स दर्शकों के लिए रिलीज किए गए थे। रिलीज हुए इन पोस्टर्स में सोनम कपूर और राजकुमार अपने किरदारों में नजर आ रहे थे। दोनों पोस्टर्स सोशल मीडिया पर भी काफी पसंद किए गए। सबसे पहले रिलीज हुए पोस्टर को देखें तो इसमें ‘विनोद चोपड़ा फिल्म्स, राजकुमार हिरानी फिल्म्स और फॉक्स स्टूडियो प्रेजेंट ‘एक लडक़ी को देखा तो ऐसा लगा’ लिखा हुआ था लेकिन अब जो दो नए पोस्टर रिलीज किए गए हैं, उनमें राजकुमार हिरानी का नाम नजर नहीं आ रहा है।

राजकुमार हिरानी का नाम क्यों इन पोस्टर्स से हटा दिया गया, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल पायी है। पहले इस फिल्म का निर्माण विधु विनोद चोपडा ने राजकुमार हिरानी के साथ मिलकर ही किया था। अगर पोस्टर से उनका नाम हटा है तो अंदाजा लगाया जा रहा है कि राजकुमार हिरानी इस फिल्म का हिस्सा नहीं हैं।

राजकुमार राव और सोनम कपूर के अलावा इस फिल्म में अनिल कपूर भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। यह पहली बार होगा जब अनिल कपूर बेटी सोनम कपूर के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। फिल्म का टाइटल अनिल कपूर की फिल्म ‘1947: ए लव स्टोरी’ के एक गाने से प्रेरित है। फिल्म में जूही चावला भी अहम किरदार में नजर आएंगी। राजकुमार राव और सोनम कपूर की फिल्म 1 फरवरी 2019 को सिनेमाघरों में आएगी।