लीजेंड एक्टर राज कपूर की पत्नी कृष्णा राज का 87 साल की उम्र में निधन, रो पड़ा पूरा बॉलीवुड

कपूर खानदान की एक पीढ़ी का आज यानी सोमवार को अंत हो गया। बॉलीवुड के शोमैन, लीजेंड एक्टर और निर्देशक राज कपूर की पत्नी कृष्णा राज कपूर का सुबह 5 बजे कार्डियक अरेस्ट की वजह से 87 साल की उम्र में निधन हो गया। इस खबर को रणधीर कपूर ने कंफर्म किया। बढ़ती उम्र और बुढ़ापे की बीमारियों से भी वो जूझ रही थीं। अपनी मां के निधन पर रणधीर ने कहा, "उनकी मौत से हम गहरे सदमे में हैं।" रणधीर कपूर ने बताया कि अंतिम संस्कार चेंबूर शवदाह गृह में किया जाएगा। इस दुखद खबर के सामने आते ही कपूर परिवार और बॉलीवुड में शोक की लहर है। अनुपम खेर, मधुर भंडारकर, रिदिमा कपूर, सुहेल सेठ, रवीना टंडन और सोहा अली खान ने ट्वीट कर दुख जताया है ।

इसके अलावा लेखक और एक्टर सुहेल सेठ ने ट्वीट कर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, कृष्णा राज कपूर जी के निधन की खबर से दुखी हूं। एक सशक्त महिला, कपूर खानदान की बड़ी और एक बेहद अच्छी इंसान थीं के रूप में याद की जाएंगी।

बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर ने भी ट्विटर के माध्यम से अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, ''श्रीमति कृष्णा राज कपूर जी के निधन की खबर से मैं दुखी हूं। वो सबसे प्रतिष्ठित और स्नेही महिलाओं में से एक थीं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। कपूर और नंदा परिवार के लिए मेरी संवेदना।''

एक्ट्रेस रवीना टंडन ने एक ट्वीट करते हुए अपनी श्रद्धांजलि उन्हें दी। रवीना टंडन ने ट्वीट किया 'पूरे कपूर परिवार को संवेदना, कृष्णा राज कपूर के साथ एक सदी का अंत हो गया। ईश्वर आपको इस घड़ी का सामना करने की हिम्मत दे और उनकी आत्मा को शांति दे।'

कृष्णा राज कपूर को श्रद्धांजलि देने और परिवार को संवेदना व्यक्त कर चेंबूर स्थित उनके घर पर कई सेलेब पहुंच रहे हैं। जिनमें सबसे पहले वहां अनिल कपूर नजर आए। अनिल कपूर के साथ वहां, सुनीता कपूर ,संजय कपूर भी अपनी पत्नी के साथ नजर आए। इसके अलावा काजोल भी श्रद्धांजलि देने पहुंची। इसके अलावा परिवार के सदस्य भी एक एक कर चेंबूर स्थित दिवंगत राज कपूर के निवास स्थान पर पहुंच रहे हैं।

आपको बता दें कि 1946 में राजकपूर ने कृष्णा मल्होत्रा से शादी की थी। इस दंपत्ति को पांच बच्चे हुए। तीन बेटे रणधीर, ऋृषि और राजीव, जबकि दो बेटियां हैं रितू और रीमा।

कपूर परिवार की ओर से ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर ने इंस्टाग्राम के जरिए दादी कृष्णा कपूर की याद में एक बेहद खास तस्वीर शेयर की है। रिद्धिमा कपूर ने तस्वीर के साथ लिखा, मैं आपको प्यार करती हूं और हमेशा करती रहूंगी। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे दादी।