18 अगस्त को मुंबई में होगी प्रियंका-निक की एंगेजमेंट पार्टी लेकिन शामिल नहीं होगे ये स्टार्स

प्रियंका चोपड़ा और इंटरनेशनल पॉप स्‍टार निक जोनास की सगाई की खबरें लंबे समय से मीडिया में छाई हुई हैं। खबरें थीं कि निक ने प्रियंका चोपड़ा को उनके 36वें जन्‍मदिन पर एक खूबसूरत अंगूठी देकर शादी के लिए प्रपोज किया। अब यह पल इन दोनों के बीच हुआ है, लेकिन अब सामने आ रही तस्‍वीरों की मानें तो प्रियंका और निक की सगाई का फंक्‍शन शनिवार 18 अगस्त को मुंबई में होने जा रहा है और इसकी फाइनल तैयारियां इस वक्त जोरों पर हैं।

निक जोनस की मां डेनिस और पिता केविन जोनस गुरुवार देर रात मुंबई पहुंचे। निक के पैरंट्स को रिसीव करने के लिए प्रियंका चोपड़ा की मां मधु चोपड़ा पहले से ही एयरपोर्ट पर मौजूद थीं।

निक और प्रियंका की एंगेजमेंट के लिए पहले ही दोस्तों और करीबी रिश्तेदारों को इन्वाइट्स भेजे जा चुके हैं और ऐसी उम्मीद की जा रही है कि बॉलिवुड के कई बड़े दिग्गज सितारे इस खास पार्टी में नजर आएंगे।

हालांकि ऑफिशल गेस्ट लिस्ट का अब तक खुलासा नहीं हुआ है कि लेकिन बहुत से बॉलिवुड सिलेब्स ऐसे भी हैं जो इस इवेंट का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। किसी पर्सनल या प्रफेशनल दुश्मनी की वजह से नहीं बल्कि काम की वजह से।

सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म भारत में पहले प्रियंका चोपड़ा काम करने वाली थीं लेकिन ऐसी खबरें आ रहीं हैं कि निक संग शादी की वजह से ही उन्होंने सलमान की फिल्म भारत छोड़ दी। इस वक्त सलमान खान और कटरीना कैफ माल्टा में भारत की शूटिंग में व्यस्त हैं। लिहाजा ये दोनों स्टार्स इस इवेंट का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। शाहरुख खान भी अपनी आने वाली फिल्म जीरो के काम में व्यस्त हैं और उनका पूरा परिवार कैलिफॉर्निया में है लिहाजा किंग खान या उनका परिवार भी इस इवेंट में शामिल नहीं हो पाएगा।

फिल्म अंजाना-अंजानी में प्रियंका चोपड़ा के को-ऐक्टर रहे रणबीर कपूर भी इस वक्त देश से बाहर बुल्गारिया में अपनी फिल्म ब्रह्मास्त्र की शूटिंग में बिजी हैं और वह भी इस इवेंट में शामिल नहीं हो पाएंगे। ऐक्ट्रेस अनुष्का शर्मा भी पिछले दिनों लंदन के लिए रवाना हो गई हैं और वह भी इस पार्टी में नहीं दिखेंगी।

लेकिन घबराइए नहीं, निर्माता-निर्देशक करण जौहर, फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा, प्रियंका की बहन परिणिती चोपड़ा, प्रियंका के दोस्त और बाजीराव मस्तानी के उनके को-स्टार रणवीर सिंह समेत बॉलिवुड के कई दिग्गज सिलेब्स ऐसे हैं जो प्रियंका और निक की एंगेजमेंट पार्टी में जरूर नजर आएंगे। बॉलिवुड सिलेब्स के अलावा मुकेश अंबानी और उनका परिवार भी इस पार्टी में नजर आ सकता है क्योंकि जून महीने में जब निक पहली बार इंडिया ट्रिप पर आए थे तब वह प्रियंका के साथ मुकेश अंबानी के बेटे आकाश अंबानी और श्लोका मेहता की प्री-एंगेजमेंट पार्टी में शामिल हुए थे।