‘पानीपत’ में सकीना बेगम का किरदार निभाएंगी जीनत अमान, 30 साल बाद गोवारिकर के साथ

आशुतोष गोवारिकर इन दिनों अपनी फिल्म ‘पानीपत’ में व्यस्त हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी ऐतिहासिक युद्ध पर आधारित इस फिल्म में अभिनेत्री जीनत अमान को जोड़ा है, जो फिल्म में सकीना बेगम का किरदार अदा करती दिखाई देंगी। गौरतलब बात यह है कि आशुतोष 30 साल बाद जीनत अमान के साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने 1989 में उनके साथ फिल्म ‘गवाह’ में काम किया था। आशुतोष गोवारिकर ने हाल ही में दिए अपने साक्षात्कार में कहा है कि, ‘अभिनेत्री जीनत अमान भी ‘पानीपत’ में नजर आएंगी। फिल्म में वो कैमियो रोल निभाएंगी। उनका किरदार सकीना बेगम का होगा। उनका किरदार अपने ही राज्य में सीमित रहने वाला है जिसकी बाद में अर्जुन कपूर का कैरेक्टर सदाशिव राव भाऊ मदद करता है।

अपने साक्षात्कार में आशुतोष ने उनके इस किरदार के बारे में और जानकारी देते हुए कहा है कि, जीनत अमान इस फिल्म की शूटिंग अगले हफ्ते से शुरू कर देंगी। फिल्म की शूटिंग शुरू करने के साथ ही हम सोशल मीडिया पर उनका पहला लुक भी जारी करेंगे।

इस फिल्म में संजय दत्त और कृति सेनन भी अहम् भूमिकाओं में नजर आएंगे। संजय दत्त का किरदार अहमद शाह अब्दाली का होगा। संजय दत्त ने अपने इस किरदार के लिए अपने बाल मुंडवा लिए थे। उनका यह लुक सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। फिल्म में इन सितारों के अतिरिक्त मोहनीश बहल, कुणाल कपूर और पद्मिनी कोल्हापुरे जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण किरदार में दिखाई देंगे।