सुशांत के सुसाइड से टूट गई ऋचा चड्ढा, बोली - अगर कोई दुख था तो बात करते

बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या से बॉलीवुड से लेकर टीवी इंडस्ट्री सन्न है। सुशांत सिंह राजपूत के निधन पर विश्वास करना मुश्किल साबित हो रहा है। बॉलीवुड एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा, सुशांत सिंह राजपूत के निधन से टूट गई हैं। वो सोशल मीडिया पर अपना दुख जाहिर कर रही हैं। उन्हें इस बात का दुख है कि सुशांत ने अपना दर्द किसी के साथ बयां नहीं किया। उन्होंने किसी को नहीं बताया कि वो कैसे दौर से गुजर रहे थे।

ऋचा ट्वीट करती हैं- बहुत जल्दी चले गए, अगर कोई दुख था तो बात करते। हम सब तुम्हारे साथ थे। ऋचा ने एक और ट्वीट में कहा था- मेरे हाथ कांप रहे हैं, तुमने ऐसा क्यों किया मेरे दोस्त। ऋचा ने एक और ट्वीट कर इस बात पर भी जोर दिया था कि बॉलीवुड में सितारों पर काफी तनाव होता है। उन्होंने इसे कम करने की अपील की थी।

ऋचा के अलावा दूसरे सितारे भी सुशांत के चले जाने से दुखी हैं। एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने भी सुशांत को याद किया है। उन्होंने इस कलाकार को एक बेहतरीन और अच्छा इंसान बताया है। अक्षय कुमार से लेकर अनुराग कश्यप तक, हर कोई सोशल मीडिया पर अपनी संवेदना व्यक्त कर रहा है।

सुशांत सिंह राजपूत को ब्रेक देने वालीं प्रोड्यूसर एकता कपूर ने उनके निधन पर दुख जताया है। एकता ने एक एक हफ्ते पहले का अपना पोस्ट शेयर किया है ज‍िस पर सुशांत ने कमेंट क‍िया था। इसी पर एकता ने लिखा है क‍ि कैसे एक हफ्ते में ही सब कुछ बदल गया। सुशांत ये तुमने ठीक नहीं क‍िया। एकता कपूर ने हफ्ते भर पहले अपने पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर किया है। इस पर उन्होंने लिखा- 'हम टॉप 50 में से 35 स्लॉट पर थे। इसके बाद हम टॉप 50 से बाहर हो गए थे। जी टीवी ने हमें इस शो के जरिए चांस दिया था, जो साउथ के सीरियल तिरुमतिसेलवम का रीमेक था।' एकता ने आगे लिखा- 'मैं उस लड़के को बतौर लीड एक्टर कास्ट करना चाहती थी जो हमारे दूसरे शो में सेकंड लीड था। जी की क्रिएटिव टीम उसे न लेने पर अड़े हुए थे, लेकिन हमने उन्हें मना लिया था कि इसकी स्माइल लाखों लोगों का दिल जीत लेगी। बाकी जो हुआ वह इतिहास है।'

सुशांत सिंह राजपूत ने एकता कपूर के इस पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा था- 'मैम मैं हमेशा आपका आभारी रहूंगा। इसके जवाब में एकता ने लिखा- सुशी लव यू। पोस्ट के स्क्रीनशॉट के साथ एकता लिखती हैं- ये सही नहीं किया सुशी। एक हफ्ता सब बदल गया।'

बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत की बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाया जा चुका है। मुंबई पुलिस इस मामले की पूरी जांच कर रही है। अभी तक पुलिस मान रही है कि एक्टर लंबे समय से डिप्रेशन में चल रहे थे।