सुशांत ने खत्म किया था यशराज फिल्म्स से कॉन्ट्रैक्ट : रिया चक्रवर्ती

सुशांत सिंह राजपूत की मृत्यु 14 जून, 2020 को हुई थी। अब हर कोई पता लगाना चाहता है कि 'छिछोरे' अभिनेता ने ऐसा कठोर कदम क्यों उठाया। उन्होंने कोई सुसाइड नोट भी नहीं छोड़ा था। सुशांत सिंह राजपूत की मौत ने बॉलीवुड के कई प्रोड्यूसर्स और डायरेक्टर्स पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले में बांद्रा पुलिस ने सुशांत की करीबी दोस्त रिया चक्रवर्ती का बयान दर्ज कर लिया है। लगभग 10 घंटे चली इस पूछताछ में कई सवालों के जवाब सामने आए हैं। इस दौरान रिया ने यशराज फिल्म्स के कॉन्ट्रैक्ट को लेकर बड़ा खुलासा किया है।

रिया चक्रवर्ती ने अपने बयान में कहा कि सुशांत सिंह राजपूत ने यशराज फिल्म्स के साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर लिया था। सुशांत ने रिया से भी अपना कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने को कहा था। रिया का यह बयान बड़ा उलटफेर साबित हो सकता है। क्योंकि इससे पहले कहा जा रहा था क‍ि यशराज फिल्म्स ने सुशांत सिंह राजपूत के साथ फिल्म करने से मना किया है। वहीं अब रिया का यह स्टेटेमेंट कुछ और ही बता रहा है।

बता दें गुरुवार को बांद्रा पुलिस स्टेशन में रिया चक्रवर्ती समेत सुशांत की पीआर गतिविधियों को हैंडल करने वालीं राधिका निहलानी और पूर्व मैनेजर श्रुति मोदी के भी बयान दर्ज किए गए। इनके अलावा सुशांत के दोस्त महेश शेट्टी से भी पूछताछ हुई थी।

बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने 34 साल की उम्र में ही दुनिया को अलविदा कह दिया। सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद हर कोई उनके डिप्रेशन का कारण फिल्में ना मिलना बता रहा है। इसी बीच नेपोटिज्म का मुद्दा भी गर्माया हुआ है। उनके मौत के बाद से ही बॉलीवुड के कई नामी प्रोड्यूसर्स-डायरेक्टर्स, एक्टर्स और कंपनीज सवालों के घेरे में हैं। यशराज फिल्म्स के अलावा, करण जौहर, सलमान खान पर भी केस दर्ज किया गया है।