10 दिन पहले सुशांत सिंह राजपूत ने अपनी मां के नाम लिखी थी आखिरी पोस्ट

फिल्म एम एस धोनी के अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या कर ली है। रव‍िवार को घर में उनका शव पंखे से लटकता मिला। घर के नौकर ने फोन कर पुलिस को इसकी जानकारी दी। वे 34 साल के थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, सुशांत के कुछ दोस्त भी उनके घर पर थे। उनके कमरे के दरवाजे को जब तोड़ा गया तो रूम में सुशांत फांसी के फंदे से लटके पाए गए। पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, वे पिछले छह महीनों से डिप्रेशन से गुजर रहे थे। लेक‍िन वे आत्महत्या जैसा कदम उठा लेंगे इसका किसी को अंदाजा नहीं था। सुशांत सोशल मीड‍िया पर पिछले कुछ समय से एक्ट‍िव थे। उनका आख‍िरी पोस्ट अपनी मां के नाम है।

एक्टर ने लिखा- 'आंसुओं से वाष्पित होता अतीत, मुस्कुराहट के एक आर्क को उकेरते सपने और एक क्षणभंगुर जीवन, दोनों के बीच बातचीत'। बता दें सुशांत की मां का देहांत बहुत पहले हो चुका था। जब सुशांत 16 साल के थे, उसी वक्त उनकी मां चल बसी थी। वे अपनी मां के बहुत करीब थे। वे कई बार सोशल मीड‍िया पर मां के प्रति प्रेम को जता चुके हैं।

बता दें सुशांत बांद्रा के घर में अकेले रहते थे। उनके सुसाइड को लेकर पुलिस पड़ोसियों से बयान ले रही है। खबर है कि दरवाजा तोड़कर उनके दोस्त अंदर पहुंचे। वहां उन्होंने सुशांत को पंखे से लटकता पाया। तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।

सुशांत अपने करियर की शुरुआत टीवी एक्टर के तौर पर की थी। उन्होंने सबसे पहले 'किस देश में है मेरा दिल' नाम के धारावाहिक में काम किया था पर उन्हें पहचान एकता कपूर के धारावाहिक पवित्र रिश्ता से मिली। इसके बाद उनका फिल्मों का सफर शुरु हुआ था। वे फिल्म 'काय पो छे!' में लीड एक्टर के तौर पर नजर आए थे, और उनके अभिनय की तारीफ भी हुई थी। इसके बाद सुशांत 'शुद्ध देसी रोमांस' में वाणी कपूर और परिणीति चोपड़ा के साथ दिखे। हालांकि उन्होंने सबसे ज्यादा चर्चा भारतीय टीम के पूर्व कप्तान एम एस धोनी का किरदार निभा कर बटोरी थी। ये सुशांत के करियर की पहली फिल्म थी जिसने सौ करोड़ का कलेक्शन किया था। सुशांत इसके अलावा फिल्म सोनचिड़िया और छिछोरे जैसी फिल्मों में नजर आ चुके थे। उनकी आखिरी फिल्म केदारनाथ थी जिसमें वे सारा अली खान के साथ दिखे थे।