सोनम कपूर ने बदला नाम, जोया का प्रचार शुरू

दो सप्ताह पहले प्रदर्शित हुई ‘एक लडक़ी को देखा तो ऐसा लगा’ बॉक्स ऑफिस पर असफल हो गई। इस असफलता के चलते सोनम कपूर (Sonam Kapoor) ने अब अपना नाम परिवर्तन कर लिया है। उन्होंने शादी के बाद दूसरी बार अपना नाम बदला है। शादी के बाद पहली बार उन्होंने अपना नाम ‘सोनम के. आहूजा’ किया था और अब उन्होंने अपना नाम ‘जोया सिंह सोलंकी’ कर लिया है।

हैरान मत होइये सोनम कपूर (Sonam Kapoor) ने दूसरी शादी नहीं की है अपितु उन्होंने अपना यह नाम अपनी अगली फिल्म के चलते बदला है। सोनम कपूर (Sonam Kapoor) ने अपनी अगली फिल्म ‘जोया फैक्टर’ का प्रमोशन करना शुरू कर दिया है। इस फिल्म में वे जोयासिंह सोलंकी के रूप में नजर आएंगी। उनके साथ दक्षिण भारत के सुप्रसिद्ध सितारे दलकीर सलमान नजर आएंगे। दलकीर इससे पहले हिन्दी फिल्म ‘कारवाँ’ में इरफान खान के साथ स्क्रीन शेयर कर चुके हैं।

प्राप्त समाचारों के अनुसार फिल्म की कहानी अनुजा चौहान के उपन्यास पर आधारित है। उपन्यास के कथानक के अनुसार जोया सोलंकी एक राजपूत लडक़ी है जो कि विज्ञापन कम्पनी में काम करते हुए भारतीय क्रिकेट टीम से मिलती है। उसके बाद वह टीम के लिए लकी चार्म साबित होती है। दलकीर सलमान ने अपने सोशल साइट पर इस फिल्म का एक पोस्टर भी शेयर किया है जिसमें इन दोनों सितारों का आधा चेहरा दिख रहा है। दोनों ने हाथों में एक किताब पकड़ी रखी है जिसके कवर पेज पर द जोया फैक्टर लिखा हुआ नजर आ रहा है। नाम के पीछे टीम इंडिया के सितारों की पीठ नजर आ रही है जिन्होंने नीले रंग की ड्रेस पहन रखी है। सबसे नीचे लेखक का नाम अनुजा चौहान लिखा नजर आ रहा है। पोस्टर के ऊपरी हिस्से पर सितारों के नाम निखिल और जोया लिखा हुआ है।