राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी के खिलाफ शर्लिन चोपड़ा ने दर्ज कराई FIR, लगाए गंभीर आरोप

बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी (Shilpa Shetty) के पति राज कुंद्रा (Raj Kundra) को अश्लील फिल्में बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वह इस समय बेल पर बाहर हैं। अश्लील फिल्म बनाने के आरोप में राज कुंद्रा करीब 2 महीने तक जेल में रहे हैं। राज कुंद्रा की गिरफ्तारी से लेकर अब तक शर्लिन चोपड़ा (Sherlyn Chopra) उन पर गंभीर आरोप लगा चुकी हैं। अब शर्लिन ने शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के खिलाफ खिलाफ कथित तौर पर धोखाधड़ी और मानसिक उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई है। शर्लिन ने बीते 14 अक्टूबर को यह शिकायत दर्ज कराई। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि ‘मैंने राज कुंद्रा के खिलाफ यौन उत्पीड़न, धोखाधड़ी और धमकी देने के लिए शिकायत की है।‘

शर्लिन चोपड़ा ने आगे कहा कि ‘उन्होंने अंडरवर्ल्ड की धमकी दी। आपको अच्छी तरह याद होना चाहिए, आपने मेरे साथ यौन शोषण किया। लड़कियों से जिस्म की नुमाइश करवाई, आप उनकी पेमेंट क्लियर क्यों नहीं करते? आप उनको चूना क्यों लगाते हैं? आर्टिस्ट के घर पे जाकर उसे अंडरवर्ल्ड की धमकी देते हैं। बोलते हैं यौन शोषण का केस वापस ले वरना तेरी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी।‘

वह आगे कहती हैं, ‘उन्होंने मुझे डराया और कई सारी धमकी दी। मैं एक सिंगल वूमेन हूं। अकेली रहती हूं मैं डर गई थी। आज हिम्मत जुटाकर वापस आई हूं।‘

शर्लिन ने कहा कि 27 मार्च 2019 को राज कुंद्रा देर रात उनके घर आए थे और उनका यौन उत्पीड़न किया। उन्होंने कुंद्रा के दबाव में 29 मार्च को एक फोटोशूट किया था।