ड्रग्स केस में बेटे सिद्धांत के पकड़े जाने पर बोले शक्ति कपूर- 'मुझे कोई आइडिया नहीं है'

ड्रग्स केस में बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर के भाई और शक्ति कपूर के बेटे सिद्धांत कपूर का नाम चर्चा में है। सिद्धांत पर ड्रग्स लेने का आरोप लगा है। पुलिस ने सिद्धांत कपूर को गिरफ्तार कर लिया है। बेटे पर लगे इस आरोप पर अब शक्ति कपूर ने रिएक्ट किया है। कमाल की बात है कि बेटे सिद्धांत पर लगे ड्रग्स लेने के आरोप के बारे में शक्ति कपूर को कोई जानकारी नहीं थी। IndiaToday।in संग बातचीत में उन्होंने इस खबर पर रिएक्ट करते हुए कहा, 'मुझे इस बारे में इंडिया टुडे से ही पता चल रहा है। मुझे कोई आइडिया नहीं है। मुझे इस बारे में कुछ पता नहीं है।'

शक्ति कपूर ने आगे कहा, 'मैं जब सुबह 9 बजे उठा, तो ऐसी खबरें आ रही थी कि उन्हें हिरासत में लिया गया है। मुझे कोई आइडिया नहीं है। पूरी फैमिली कॉन्टैक्ट करने की कोशिश कर रही है, लेकिन कोई कॉल पिक नहीं कर रहा है। मुझे समझ नहीं आ रहा है कि क्या हो रहा है।'

शक्ति कपूर के बेटे सिद्धांत कपूर को बेंगलुरु में पुलिस ने छापे के बाद हिरासत में लिया है। उनपर ड्रग्स लेने का आरोप लगा है। सिद्धांत की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जानकारी के मुताबिक, सिद्धांत कपूर के साथ 6 अन्य लोगों की भी ड्रग्स टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ये लोग बेंगलुरु के एमजी रोड स्थित होटल में पार्टी कर रहे थे। पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए एमजी रोड स्थित एक होटल में छापेमार कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक यहां रेव पार्टी चल रही थी। पुलिस के मुताबिक यह स्पष्ट नहीं है कि ये लोग पहले से ड्रग्स का सेवन करके पार्टी में पहुंचे थे, या होटल में इसका सेवन किया।

सिद्धांत कपूर भी अपने फादर और बहन की तरह फिल्मी दुनिया से जुड़े हुए हैं। सिद्धांत कई बॉलीवुड फिल्मों में काम कर चुके हैं। सिद्धांत ने फिल्म हसीना पारकर में अपनी बहन श्रद्धा कपूर संग स्क्रीन शेयर की थी। ये मूवी बुरी तरह फ्लॉप हुई थी। सिद्धांत की पिछली रिलीज चेहरे थी। ये फिल्म भी बुरी तरह पिट गई थी। फिल्मों के अलावा सिद्धांत ने वेब सीरीज और म्यूजिक वीडियोज में भी अपना लक आजमाया है। हालांकि, उन्हें एक्टर के तौर पर पहचान नहीं मिल पाई।