शाहरुख के बर्थडे को फैंस ने बनाया खास, साढ़े 5 हजार कोविड किट डोनेट करने का किया ऐलान

बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख 2 नवंबर को अपना 55वां बर्थडे मना रहे हैं। जहां शाहरुख के लिए यह दिन खास है वहीं उनके फैंस के लिए भी यह दिन किसी त्योहार से कम नहीं है। शाहरुख ने बॉलीवुड में अपना करियर छोटे पर्दे पर फौजी धारावाहिक से शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने दिल दरिया, सर्कस, ईडियट और वागले की दुनिया जैसे धारावाहिकों में अपनी परफॉर्मेंस से लोकप्रियता हासिल की। शाह रुख़ ने 1992 में दिवाना फ़िल्म से बड़े पर्दे पर डेब्यू किया। हालांकि उनकी पहली साइन फ़िल्म दिल आशना है, जिसे हेमा मालिनी डायरेक्ट और प्रोड्यूस किया था। करियर की शुरुआत में शाह रुख़ ने अपने किरदारों से खूब प्रयोग किये।

अपने सुपरस्टार के जन्मदिन को और भी ज्यादा स्पेशल बनाने के लिए उनके फैंस ने अपने-अपने तरीके से इसे मनाया है। एक फैन ग्रुप ने 5555 कोव‍िड किट्स डोनेट करने का ऐलान किया है।

शाहरुख के फैनक्लब ने इस डोनेशन के बारे में ट्वीट किया है। ट्वीट के मुताबिक, शाहरुख के फैंस ने जरुरतमंदों के लिए कोव‍िड किट तैयार किए हैं। इसमें 5555 मास्क, सैनिटाइजर और खाना शामिल है। फैनक्लब ने इसकी फोटो भी शेयर की है। इस साल कोरोना वायरस महामारी के समय कोव‍िड किट लोगों की सबसे बड़ी आवश्यकता है। ऐसे में फैंस की ओर से ये काम सराहनीय है। वही पैन्डेमिक की वजह से इस बार शाहरुख ने फैंस से उनके घर 'मन्नत' के बाहर इकट्ठा ना होने की अपील की है। शाहरुख खान ने यह बात Ask SRK सेशन के दौरान 27 अक्टूबर को कही। जब एक फैन ने उनसे पूछा कि इस बार बर्थडे प्लान क्या है सर, पुलिस हमें हमारी जन्नत यानी मन्नत के बाहर आने की परमिशन नहीं देगी। इस पर शाहरुख ने ट्वीट किया कि इस बार मैं यही चाहता हूं कि कोई भीड़ न इकट्ठा करे। मेरा बर्थडे हो या कहीं और कोई जगह। इस बार का प्यार, थोड़ा दूर से यार।

बता दे, शाहरुख अभी पत्नी गौरी, बच्चों आर्यन, सुहाना और अबराम के साथ दुबई में हैं। वहां IPL का 13वां सीजन चल रहा है और शाहरुख अपनी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स की हौसला अफजाई कर रहे हैं। हाल ही में उनके स्क्रीन पर लौटने की खबरें भी सामने आईं हैं। वे साउथ के डायरेक्टर एटली के साथ डबल रोल वाली एक फिल्म करने वाले हैं।