ऐसे हो रही है फिल्म 'राधे' की शूटिंग, सलमान खान बोले- 'टाइम लगेगा भाई, 6 महीने के बाद आया हूं'

कोरोना के साथ अब लोगों ने जीना शुरू कर दिया है। इसी बीच सलमान खान (Salman Khan) ने भी अपनी अगली फिल्म ‘राधे: योर मोस्ट वांटेड भाई’ की शूटिंग फिर से शुरू कर दी है। मेकर्स ने हाल ही में फिल्म राधे का मेकिंग वीडियो रिलीज किया है जिसमें दिशा पाटनी और सलमान खान सेट पर नजर आ रहे हैं। वीडियो में नजर आ रहा है कि किस तरह शूटिंग सेट पर हर चीज को सैनिटाइज करने के साथ-साथ सोशल डिस्टेंडिंग करने जैसी हर चीज पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। वीडियो के अंत में वो शॉट आता है जिसमें सलमान खान और दिशा पाटनी शूटिंग करते नजर आ रहे हैं। हालांकि शॉट गलत होने पर वो कहते हैं कि वक्त लगेगा।

सलमान कहते हैं, 'टाइम लगेगा भाई, 6 महीने के बाद आया हूं।'
इस वीडियो में जैकी श्रॉफ भी हैं जो बता रहे हैं कि किस तरह पूरे एहतियात के साथ काम को वापस शुरू किया गया है। जैकी ने कहा, 'सोचा नहीं था कि 200 के ऊपर फिल्में करने के बाद ऐसा वक्त भी देखना पड़ेगा। पूरी दुनिया अभी एक तरह के ट्रॉमा से गुजर रही है। मगर जो भी है, इसी बात से जुड़े हुए हैं हम सभी एक दूसरे के साथ।'

जहां तक प्रीकॉशन्स की बात है तो जैकी श्रॉफ ने वीडियो में बताया कि सभी मास्क पहने हुए हैं लेकिन एक्टर्स की तो मास्क निकालना ही पड़ेगा डॉयलॉग बोलने के पहले। उन्होंने कहा कि वह राधे यूनिट के शुक्रगुजार हैं जो हर किसी का खास तौर पर ध्यान रख रही है।कोविड टेस्ट कराए जाने के साथ ही प्रोडक्शन द्वारा अत्यंत सावधानी बरती जा रही है। इसके अलावा, सभी कारों और टेम्पो ट्रेवलर्स को ले जाने से पहले उन्हें सैनिटाइज किया जा रहा है। चालक दल के सभी सदस्यों की जांच के लिए डॉक्टर के साथ एक स्वास्थ्य और सुरक्षा अधिकारी एवं एम्बुलेंस मौजूद है।

बता दे, कोरोना वायरस महामारी के चलते फिल्म की शूटिंग पर रोक लगा दी गई थी, जिसे अब अनलॉक की प्रक्रिया के साथ फिर पटरी पर लाया गया। फिल्म के बाकी हिस्से के रूप में एक गाने और कुछ एक्शन दृश्यों की शूटिंग बाकी थी, जिसे लोनावला के पास स्थित एंबी वैली में पूरा किया जा रहा है। शूटिंग शुरू होने से पहले फिल्म की पूरी टीम का कोविड टेस्ट किया गया। सेट पर डॉक्टरों की एक टीम ने सभी का परीक्षण किया। फिल्म की यूनिट को उम्मीद है कि इससे अब बिना किसी झंझट के 15-18 दिनों के भीतर शूटिंग पूरी हो जाएगी। इसी के चलते फिल्म के निर्माता सोहेल खान और अतुल अग्निहोत्री सुरक्षा पर बढ़-चढ़कर ध्यान दे रहे हैं।