‘लेडी सिंघम’ के रूप में अजय की हैं यह पसन्दीदा अभिनेत्रियाँ, रोहित शेट्टी बना सकते हैं फिल्म

अजय देवगन ने हाल ही में पीटीआई से लम्बी बातचीत की है जिसमें उन्होंने रोहित शेट्टी और उनकी फिल्मों को केन्द्र में रखा है। अजय देवगन के साक्षात्कार से स्पष्ट हो रहा है कि वे रोहित शेट्टी का जमकर प्रचार कर रहे हैं। रोहित शेट्टी ने अजय देवगन को लेकर कई फिल्मों का निर्माण किया है लेकिन अब वे रणवीर सिंह और अक्षय कुमार को लेकर फिल्में बना रहे हैं। रणवीर सिंह को लेकर सिम्बा बनाने वाले रोहित इन दिनों अक्षय कुमार को लेकर ‘सूर्यवंशी’ बना रहे हैं। इस साक्षात्कार में जहाँ अजय देवगन ने भारत में भी एवेंजर्स बनने की सम्भावना व्यक्त की है वहीं उन्होंने कहा कि रोहित शेट्टी लेडी सिंघम को लेकर भी फिल्म बना सकते हैं। इस बारे में अपने विचारों को रखते हुए उन्होंने कहा कि बॉलीवुड में कई ऐसी अभिनेत्रियाँ हैं जो परदे पर लेडी सिंघम के रूप में अपने जलवे दिखा सकती हैं।

अजय ने कहा कि रोहित शेट्टी ने लेडी पुलिस ऑफिसर पर भी फिल्म बनाने की बात कही है। उन्होंने इसके लीड कैरेक्टर को लेकर बात करते हुए कहा, ‘इस रोल को कोई भी अभिनेत्री निभा सकती है। आज की सभी अभिनेत्रियाँ काफी अच्छा काम कर रही हैं। इस रोल के लिए सभी फिट हैं। कैटरीना कैफ, दीपिका पादुकोण, करीना कपूर खान इनमें से कोई भी इस किरदार के लिए चुनी जा सकती हैं।’