जन्म दिन पर रणवीर सिंह ने दिया दर्शकों को तोहफा, जारी किया ‘83’ से अपना लुक

बॉलीवुड के सबसे ज्यादा ऊर्जायमान अभिनेता रणवीर सिंह (Ranveer Singh) का आज जन्म दिन है। 6 जुलाई 2019 को वे 34 साल के हो गए हैं। इस खास मौके पर रणवीर ने सोशल मीडिया पर अपनी आने वाली फिल्म ‘83’ से अपना लुक शेयर किया है। तस्वीर में रणवीर का लुक दिग्गज क्रिकेटर कपिल देव से 90 प्रतिशत मिलता जुलता है। तस्वीर में रणवीर सिंह हाथ में लाल रंग की बॉल लिए हुए नजर आ रहे हैं। उनकी आंखों में कपिल जैसा ही जोश नजर आ रहा है। इस तस्वीर को शेयर करते हुए रणवीर सिंह ने लिखा, ‘मेरे स्पेशल डे पर मैं प्रेजेंट कर रहा हूं हरियाणा का तूफान कपिल देव। कपिल देव को हरियाणा हरिकेन के नाम से भी लोग जानते हैं। रणवीर सिंह के फैंस उनके फस्र्ट लुक का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, जोकि अब सामने आ चुका है।

‘83’ क्रिकेट विश्व कप 1983 पर आधारित है। इसमें रणवीर सिंह (Ranveer Singh) ने कपिल देव (Kapil Dev) की भूमिका निभाई है। फिल्म में उनकी पत्नी दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) भी नजर आएंगी। दीपिका कपिल देव की पत्नी रोमी भाटिया का किरदार अदा करेंगी। फिलहाल फिल्म की शूटिंग के लिए रणवीर दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) के साथ इंग्लैंड में मौजूद हैं। पिछले दिनों रणवीर सिंह ने क्रिकेट प्रैक्टिस करते हुए एक वीडियो शेयर की थी। इससे पहले रणवीर, दिल्ली में कपिल देव के घर पर दस दिन तक रुके थे। कपिल के साथ रुकने का मकसद उनके स्किल्स को और बेहतर तरीके से सीखना और उनकी व्यक्तिगत जिन्दगी के बारे में जानना था।

इस फिल्म का निर्देशन कबीर खान कर रहे हैं जो इससे पहले दर्शकों को न्यूयार्क, एक था टाइगर, बजरंगी भाईजान और फैंटम सरीखी फिल्में दे चुके हैं। यह फिल्म आगामी वर्ष 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी। इस फिल्म का काफी भारी भरकम बजट में बनाया जा रहा है।