कोरोना वायरस : कनिका कपूर के संपर्क में आए 63 लोगों की टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव

बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर (Kanika Kapoor) कोविड-19 (Covid-19) पॉजिटिव पाई गई थी। इसके बावजूद उन्होंने कई पार्टियों में हिस्सा लिया। इसके बाद उनसे में आए लोगों के संक्रमित होने की आशंका बढ़ गई थी। इन लोगों में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और उनके बेटे दुष्यंत राजे भी शामिल थे। हालाकि, इनकी टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आई है।

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक कनिका के संपर्क में आए 162 लोगों को लिस्ट किया है, जिनमें 35 लोग कानपूर से हैं। ये कनिका के साथ पार्टी में शामिल थे। इनमें से 63 लोगों की रिपोर्ट आ गई है और ये कोरोना वायरस नेगेटिव पाए गए हैं। कनिका के संपर्क में आए बाकी लोगों की तलाश रविवार को भी जारी थी। वेबसाइट ने अपने सूत्रों के हवाले से बताया कि स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि 120-130 लोगों की पहचान की गई है और उनके सेंपल इकट्ठे किए गए हैं।

रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि कनिका ताज होटल में अपने स्टे के दौरान मुंबई के एक बिजनेसमैन ओजस देसाई से भी संपर्क में आई थी। उनकी तलाश जारी है। आईएनएस के मुताबिक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर नरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि देसाई को ढूंढ़ने की कोशिश की जा रही है, लेकिन मुंबई में उनका एडरेस नहीं मिल पा रहा है और ना ही ये पता चल पा रहा है कि वे कहां हैं। उन्होंने ये भी बताया कि अभी सिंगर क्वारेंटाइन में हैं, इसलिए उनसे सवालात नहीं किए जा सकते हैं।

बता दे, कनिका कपूर जिस होटल में रुकी थी उसके 11 कर्मचारियों को क्वारेंटाइन में भेज दिया गया है। उनकी सेहत पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। कनिका के बारे में पता चलते ही ताज होटल को भी बंद कर दिया गया था। कनिका के इस गैर-जिम्मेदाराना बर्ताव के लिए उनकी कड़ी आलोचना की जा रही है। उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई गई हैं। फिलहाल कनिका का लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में इलाज चल रहा है।