महाराष्ट्र में सियासी उलटफेर पर जावेद जाफरी ने कसा तंज, ट्विट कर कही ये बात...

महाराष्ट्र की सियासत में शनिवार सुबह जो हुआ उसका किसी ने सपने में भी नहीं सोचा होगा। कल तक जो महाराष्ट्र की सत्ता पर बैठने के लिए हाथ पैर मार रहे थे वह आज दूर खड़े रह गए और बाजी किसी और ने मार ली। दरअसल, शुक्रवार रात तक सभी इस इंतजार में थे कि उद्धव ठाकरे सरकार बनाएंगे लेकिन एनसीपी प्रमुख शरद पवार के भतीजे अजित पवार ने पूरी बाजी को पलट दिया। एनसीपी नेता ने ऐसा दांव खेला, जिससे देवेंद्र फडणवीस एक बार फिर मुख्यमंत्री और अजित पवार उपमुख्यमंत्री पद पर काबिज हो गए। शिवसेना के इस तरह सियासी मात खाने के बाद ट्विटर पर अब कई मीम्स वायरल हो रहे हैं। वही इसी बीच बॉलीवुड एक्टर जावेद जाफरी ने भी अपना पक्ष सोशल मीडिया पर रखा है।

जावेद ने ट्विट करते हुए एक सवाल पूछा। उन्होंने लिखा मैं चुनाव के बाद अपना वोट बदलना चाहता हूं, क्या मैं ऐसा कर सकता हूं? जावेद ने कहा यदि ऐसा नहीं तो नेता चुनाव के बाद अपनी पार्टी कैसे बदल सकते हैं? जावेद जाफरी की इस पोस्ट पर लोगों ने सैकड़ों कमेंट्स किए हैं। कई लोग जावेद की बात से सहमत नजर आ रहे है। एक यूजर ने लिखा, बहुत सही कहा सर। आप एक दम सटीक बिंदु रखते हैं। एक अन्य यूजर ने लिखा 'आपकी बात सही है लेकिन लोगों के पास अक्ल नहीं है इस बात को समझने के लिए। इसलिए इतने अच्छे ट्वीट पर भी कोई संज्ञान नहीं लिया जाएगा।'