इरफान खान की तबीयत बिगड़ी, मुंबई के कोकिलाबेन अस्‍पताल में भर्ती

बॉलीवुड एक्टर इरफान खान की तबीयत अचानक बिगड़ जाने से उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्‍पताल में भर्ती किया गया है। इरफान खान आईसीयू में भर्ती किया गया है। कुछ दिनों पहले ही इरफान की मां का निधन हुआ था। लॉकडाउन की वजह से अपनी मां के अंतिम संस्‍कार में शामिल नहीं हो सके थे। एक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेस‍िंग के जरिए मां के अंतिम दर्शन किए थे।

बता दे, दो साल पहले मार्च 2018 में इरफान को अपनी बीमारी का पता चला था। उन्होंने खुद अपने फैंस को यह शॉकिंग खबर दी थी। उन्होंने ट्वीट कर अपनी बीमारी का खुलासा किया था-जिंदगी में अचानक कुछ ऐसा हो जाता है जो आपको आगे लेकर जाती है। मेरी जिंदगी के पिछले कुछ दिन ऐसे ही रहे हैं। मुझे न्यूरो इंडोक्राइन ट्यूमर नामक बीमारी हुई है। लेकिन मेरे आसपास मौजूद लोगों के प्यार और ताकत ने मुझमें उम्मीद जगाई है। उन्होंने आगे लिखा, इसके इलाज के लिए मैं विदेश जा रहा हूं। मेरी सभी से प्रार्थना है कि वे मेरे लिए दुआएं करते रहें। मेरी बीमारी को लेकर न्यूरो की जो अफवाह फैलाई जा रही हैं, इसके लिए बता दूं कि न्यूरो हमेशा ब्रेन के लिए नहीं होता। जिन लोगों ने मेरे बयान का इंतजार किया, मुझे उम्मीद है कि मैं फिर से और स्टोरी लेकर वापस आऊंगा।

54 वर्षीय इरफान का लंदन में इलाज चल रहा था। इस दौरान वे बॉलीवुड से दूर रहे। लंबे समय तक इस बीमारी से लड़ने के बाद वे स्वस्थ होकर वापस बॉलीवुड में लौटे। पिछले साल सितंबर 2019 में वे भारत वापस लौटे। उन्हें व्हीलचेयर पर बैठे एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया था।

वापस लौटने के बाद उन्होंने फिल्म अंग्रेजी मीडियम की शूट‍िंग शुरू की। बीमारी के बाद ये उनकी पहली फिल्म थी। पिछले कई महीनों से कोकिलाबेन अस्‍पताल में वह अपनी बीमारी से जुड़े रूटीन चेकअप्स और ट्रीटमेंट करवाते रहे हैं। बताया जाता है कि फिल्म 'अंग्रेजी मीडियम' के दौरान भी उनकी तबीयत बिगड़ जाती थी। ऐसे में कई बार पूरी यूनिट को शूट रोकना पड़ा था। इरफान जब बेहतर फील करते थे, तब शॉट फिर से लिया जाता था।