‘झकास’: दो वर्ष में दूसरी 100 करोड़ी हुई अनिल कपूर की टोटल धमाल

बॉलीवुड में अपने एक शब्द के संवाद ‘झकास’ से लोकप्रिय हुए अभिनेता अनिल कपूर (Anil Kapoor) ने अपने नाम एक नया रिकॉर्ड दर्ज कर लिया है। उनकी हालिया प्रदर्शित इन्द्र कुमार निर्मित और निर्देशित फिल्म ‘टोटल धमाल (Total Dhamaal)’ दो वर्ष में दूसरी ऐसी फिल्म बन गई है जिसने बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ से ज्यादा का कारोबार करने में सफलता प्राप्त की है।

गत वर्ष सलमान खान (Salman Khan) के साथ ‘रेस-3 (Race-3)’ के रूप में उन्होंने 100 करोड़ी फिल्म थी। रेमो डिसूजा के निर्देशन में बनी उनकी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 166 करोड़ का कारोबार करने के बाद भी असफल करार दे दी गई थी, क्योंकि यह सलमान खान के नाम के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पायी थी। इस फिल्म में अनिल कपूर ने खलनायक की भूमिका अभिनीत की थी।

इस वर्ष बॉक्स ऑफिस पर अपनी बेटी सोनम कपूर (Sonam Kapoor) के साथ ‘एक लडक़ी को देखा तो ऐसा लगा (Ek Ladki Ko Dekha Toh Aisa Laga)’ सरीखी बेहतरीन लेकिन असफल फिल्म देने वाले अनिल कपूर ने लगातार दूसरे साल एक और 100 करोड़ी फिल्म ‘टोटल धमाल’ के रूप में दी है। इस फिल्म में उन्होंने माधुरी दीक्षित के साथ 18 साल बाद और इन्द्र कुमार के साथ 26 साल बाद काम किया है। उनकी माधुरी के साथ आखिरी फिल्म ‘पुकार’ की थी, जिसे राजकुमार संतोषी ने निर्देशित किया था। 26 साल पहले उन्होंने इन्द्र कुमार के साथ ‘बेटा’ नामक फिल्म की थी, जिसमें उनके साथ माधुरी दीक्षित थी।