महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के बाद बीजेपी और शिवसेना में सीएम की कुर्सी को लेकर खींचतान चल रही है। दोनों पार्टियां अपने सीएम उम्मीदवार पर अड़ी हुई हैं। अब लोगों के मन में एक ही सवाल उठ रहा है आखिर कौन बनेगा महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री? वही इस बीच सोशल मीडिया पर एक फैन ने एक्टर अनिल कपूर को महाराष्ट्र का सीएम बनाने का सुझाव दिया है। जिसका अनिल कपूर ने मजेदार जवाब दिया है।
विजय गुप्ता नाम के एक ट्विटर यूजर ने अपने ट्विट में लिखा कि महाराष्ट्र में जब तक कोई रास्ता नहीं निकलता तब तक अनिल कपूर (Anil Kapoor) को ही मुख्यमंत्री बना कर देख लेते हैं। पर्दे पर उनका एक दिन का कार्यकाल पूरे देश ने देखा है और सराहा है। देवेंद्र फडणवीस और आदित्य ठाकरे क्या सोच रहे हैं ?? ये ट्वीट चंद मिनटों में वायरल हो गया। एक्टर अनिल कपूर ने भी यूजर के सुझाव पर रिएक्ट किया है।
अनिल कपूर ने अपने जवाब में लिखा कि 'मैं नायक ही ठीक हूं।' अनिल कपूर के इस जवाब के बाद सोशल मीडिया पर उनके सेंस ऑफ ह्यूमर की तारीफ हो रही है। फैंस एक्टर के शानदार जवाब की सराहना कर रहे हैं। एक फैन ने लिखा- पहले अनिल कपूर मना करेंगे फिर बाद में शपथ लेंगे। दूसरे यूजर ने लिखा- वैसे यह सलाह बुरी नहीं है। एक फैन ने नायक फिल्म को दोबारा बनाने की मांग की है। लिखा- मुझे नायक काफी पसंद आई, नायक 2 भी बननी चाहिए।
बता दे, अनिल कपूर फिल्म नायक में एक दिन के सीएम बने थे। सीएम बनकर अनिल कपूर ने राज्य की बेहतरी के लिए पूरे जोश के साथ काम किया था। अनिल कपूर के अलावा रानी मुखर्जी, परेश रावल और अमरीश पुरी अहम रोल में थे।