CAA Protest: अनुराग कश्यप बोले, एक बार फिर लगी देश में इमर्जेंसी

नागरिकता संशोधन एक्ट (CAA) के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन जारी है। राजधानी दिल्ली में नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ प्रदर्शन तेज होता जा रहा है। अभी तक राजधानी में 17 मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया है। इस बिल के विरोध में देशभर के कई यूनिवर्सिटीज के स्टूडेंट्स विरोध कर रहे हैं। कई बॉलिवुड सिलेब्रिटीज स्टूटेंड्स के प्रोटेस्ट का सपॉर्ट कर रहे हैं और इसमें अनुराग कश्यप का नाम भी शामिल है। वह लगातार सोशल मीडिया पर स्टूडेंट्स के सपॉर्ट में ट्विट कर रहे है।

हाल में अनुराग कश्यप ने उत्तर प्रदेश के डीजीपी के एक ट्वीट को शेयर करते हुए कहा है कि एक बार फिर देश में इमर्जेंसी लगी है। दरअसल यूपी के डीजीपी ने ट्वीटर कर बताया कि धारा 144 लगाई गई है और 19 दिसंबर को किसी भी तरह से एकत्रित होने की कोई इजाजत नहीं है। कृपया किसी प्रदर्शन में भाग न लें। पैरंट्स से अनुरोध है कि अपने बच्चों को समझाएं।

मुंबई : क्रांति मैदान मे आज CAA के विरोध में प्रदर्शन

आपको बता दे, मुंबई में आज क्रांति मैदान में बड़ा विरोध प्रदर्शन होने वाला है। मुंबई के क्रांति मैदान में होने वाले इस प्रदर्शन में कई बॉलीवुड सेलेब्स भी शिरकत करने वाले हैं। ये विरोध प्रदर्शन शाम 4 बजे से शुरू होकर 7 बजे तक चलेगा। अभिनेता फरहान अख्तर ने हाल ही में ट्वीट के जरिए इसकी जानकारी दी थी। फरहान ने सोशल मीडिया पर नागरिकता संशोधन कानून और नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजन से जुड़ी एक तस्वीर ट्वीट की है। इसके साथ ही उन्होंने ये भी बताया है कि इसके खिलाफ आंदोलन क्यों करना चाहिए। फरहान अख्तर ने ट्वीट में लिखा कि यहां आपको जानने की जरूरत है कि ये प्रदर्शन क्यों जरूरी हैं। आप सभी से 19 तारीख को क्रांति मैदान, मुंबई में मिलते हैं। सिर्फ सोशल मीडिया पर विरोध करने का समय अब खत्म हो चुका है। फरहान के साथ साथ अभिनेता जावेद जाफरी ने भी ट्वीट किया है जिसमें उन्होंने लोगों से अगस्त क्रांति मैदान आने का अनुरोध किया।

बता दें कि इससे पहले जामिया मिलिया इस्लामिया और एएमयू में हुए छात्रों के प्रदर्शन में काफी हिंसा हुई थी और कथित तौर पर पुलिस पर छात्रों के साथ बर्बरता के आरोप लगे थे। इसके बाद स्वरा भास्कर, सुशांत सिंह, ऋचा चड्ढा, फरहान अख्तर, मोहम्मद जीशान अय्यूब, तिग्मांशु धूलिया, आलिया भट्ट, सौरभ शुक्ला, दिया मिर्जा, हंसल मेहता, विकी कौशल, भूमि पेडनेकर, परिणीति चोपड़ा, हुमा कुरैशी, निमरत कौर, मनोज बाजपेयी जैसे बड़े फिल्मी सितारे नागरिता कानून का विरोध कर रहे छात्रों के समर्थन में सामने आए थे।