84 साल के बॉलिवुड सुपरस्टार धर्मेंद्र (Dharmendra) सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं और अपनी लॉकडाउन लाइफ से जुड़े अपडेट्स फैन्स के साथ शेयर भी कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने एक 18 सेकंड का वीडियो शेयर किया है जिसमें वह ट्रैक्टर पर बैठकर अपना खेत जोतते नजर आ रहे हैं। धर्मेंद्र वीडियो में कहते हैं, दोस्तों कहते हैं आप, इतना छोटा खेत तो मैं जैसे-तैसे जोत लेता हूं, इसमें थोड़ी एक्सरसाइज हो जाती है। इस वीडियो के साथ कैप्शन में धर्मेंद्र ने कोरोना वायरस को हराने का मैसेज देते हुए लिखा,'कोरोना वायरस से लड़ाई के लिए आपको मानसिक रूप से मजबूत कर रहा हूं। जुनून हैं जाबांज हैं हम...आफत-ए-कोरोना तेरे कातिल...इंसानियत के आलमबदार हैं हम'।
इससे पहले भी धर्मेंद्र फैन्स से सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने और घर में रहने की अपील कर चुके हैं। धर्मेंद्र ने कहा था, 'आज इंसान अपने गुनाहों की सजा पा रहा है दोस्तों। ये कोरोना हमारे बुरे कर्मों का फल है। हमने इंसानियत से मोहब्बत की होती, इंसानियत से प्यार किया होता तो ये घड़ी कभी नहीं आती। आज भी सबक ले लो इससे। मिल-जुलकर रहो, इंसानियत से प्यार करो। इंसानियत को जिंदा रखो।'
इसके आगे धर्मेंद्र ने हाथ जोड़कर इमोशनल होते हुए कहा, 'आज मैं ये बहुत दुखी होकर कह रहा हूं। उसके(भगवान के) लिए, अपने लिए, अपने बच्चों के लिए, दुनिया के लिए, इंसानियत के लिए एक हो जाओ।'
बता दें कि धर्मेंद्र अब पूरी तरह से खेती में रम गए हैं। उन्होंने अपने बगान में पिछले दिनों सब्जियां उगाईं। इसका एक वीडियो भी उन्होंने शेयर किया था। इस वीडियो में भी वह बेहद खुश नजर आ रहे थे। इससे पहले 34 सेकंड के विडियो में धर्मेंद्र ने अपने पूरे बगान को दिखाया था। इसमें अलग-अलग सब्जियां दिखाते हुए उन्होंने बताया था कि वह लगभग सभी सब्जियां उगाते हैं। विडियो के अंत में हाथ में एक फूल गोभी लिए खुद धर्मेंद्र दिखे थे।