माँ बनने के लिए दबाव डालना ठीक नहीं, कभी न कभी मैं भी बनूँगी माँ: दीपिका पादुकोण

ज्ञातव्य है कि पिछले साल 14-15 नवंबर को दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने इटली के लेक कोमो में शादी की थी। उनकी शादी की बेहद खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं। इसके बाद कपल ने भारत आकर अपने दोस्तों और फिल्म इंडस्ट्री के साथियों के लिए रिसेप्शन का आयोजन किया था। रणवीर सिंह के साथ शादी कर चुकी अभिनेत्री दीपिका पादुकोण इन दिनों मेघना गुलजार के निर्देशन में फिल्म छपाक की शूटिंग कर रही हैं। यह फिल्म ऐसिड अटैक सर्वाइवर लक्ष्मी की बॉयोपिक है। इस फिल्म में दीपिका के साथ विक्रांत मेसी भी नजर आएंगे। इस फिल्म में वे अभिनय के साथ-साथ निर्माण भी कर रही हैं।

कुछ दिनों पूर्व ही दीपिका पादुकोण दो ऐसे विज्ञापनों में नजर आईं जहाँ वे अपने भूतकाल और वर्तमान काल के साथ काम कर रही हैं। एक विज्ञापन में रणबीर कपूर हैं और एक में रणवीर सिंह। सिने तारिकाओं की शादी के बाद सबसे बड़ी समस्या उनके माँ बनने को लेकर आती है। मीडिया में इस प्रकार के कई समाचार उडऩे लग जाते हैं जिसके चलते वे परेशान और हैरान होती हैं। प्रियंका चोपड़ा के बाद अब दीपिका पादुकोण के माँ बनने को लेकर कई अफवाह उड़ी। अब एक साक्षात्कार में दीपिका ने अपनी प्रेग्नेंसी के दबाव के बारे में बात की है। एक इंटरव्यू में दीपिका पादुकोण ने अपने बारे में ऐसी सभी खबरों को झूठा बताया। उन्होंने कहा कि वह कभी न कभी मां बनेंगी। किसी महिला या कपल पर माता-पिता बनने का दबाव डालना ठीक नहीं है। जिस दिन महिलाओं से मां बनने पर सवाल करना छोड़ दिया जाएगा उस दिन हम वास्तव में कोई बदलाव लाएंगे।