आज से ठीक 12 दिन पहले बॉक्स ऑफिस पर दो बड़ी फिल्मों ने दस्तक दी थी। अजय देवगन (Ajay Devgn) और काजोल (Kajol) की फिल्म 'तानाजीः द अनसंग वॉरियर' और दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) की 'छपाक'। दोनों ही फिल्म में बॉलीवुड के टॉप सितारे हैं। रिलीज से पहले ऐसा कहा जा रहा था कि ये दोनों फिल्में एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देंगी लेकिन अजय देवगन की 'तानाजी' ने दीपिका पादुकोण की 'छपाक' को बॉक्स ऑफिस पर धूल चटा दी। दोनों की कमाई पर एक नजर डाले तो अजय देवगन की 'तानाजी' ने 12 दिनों में धमाकेदार कमाई करते हुए 183.34 करोड़ का कारोबार कर लिया है।
तानाजी ने दूसरे शुक्रवार को 10.06 करोड़, शनिवार को 16.36 करोड़, रविवार को 22.12, सोमवार को 8.17 करोड़ और मंगलवार को 7 करोड़ का कारोबार कर लिया। बॉक्स ऑफिस इंडिया की वेबसाइट के मुताबिक अजय देवगन (Ajay Devgn) की 'तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर' (Tanhaji: The Unsung Warrior) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों की तुलना में महाराष्ट्र और गुजरात जैसे राज्यों में ज्यादा बेहतर प्रदर्शन किया है। वहीं यह फिल्म दूसरे शुक्रवार को सबसे ज्यादा कमाई करने वाली 10वीं फिल्म बन गई है। ओम राउत के निर्देशन में बनी यह फिल्म दूसरे शुक्रवार की कमाई के जरिए अक्षय कुमार की 'हाउसफुल 4', 'गुड न्यूज' और रितिक रोशन स्टारर 'वॉर' को पीछे छोड़ने में कामयाब रही। अजय देवगन, सैफ अली खान और काजोल की मुख्य भूमिका से सजी 'तानाजी' का कुल बजट 125 करोड़ है। फिल्म का निर्देशन ओम राउत ने किया है जबकि अजय देवगन और भूषण कुमार ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। बता दें कि तानाजी को करीब 3500 स्क्रीन पर रिलीज किया गया है।
वही दूसरी तरफ दीपिका की 'छपाक' के बारें में बात करे तो फिल्म ने दूसरे शुक्रवार को 95 लाख, शनिवार को 1.40 करोड़ और रविवार को 1.75 करोड़ का कारोबार किया था। फिल्म की अब तक टोटल कमाई 34 करोड़ के आस-पास हुई है। फिल्म में दीपिका पादुकोण और विक्रांत मेसी की मुख्य भूमिका है। मेघना गुलजार ने इसका निर्देशन किया है। फिल्म को फॉक्स स्टार स्टूडियोज, दीपिका और मेघना ने मिलकर प्रोड्यूस किया है।फिल्म की लागत 35 करोड़ है जबकि इसके प्रचार और प्रिंट्स पर 10 करोड़ खर्च हुए हैं। इस तरह इसका कुल बजट 45 करोड़ है। 'छपाक' को भारत में 1,700 स्क्रीन्स और विदेश में 460 स्क्रीन्स मिले हैं।