सरकार शाम को खोले शराब की दुकाने, लॉकडाउन का स्ट्रेस होगा दूर : ऋषि कपूर

पूरी दुनिया में कोरोना ने कोहराम मचाया हुआ है। इस वायरस ने 5 लाख लोगों को संक्रमित कर दिया है। वहीं, मरने वालों का आकड़ा 26000 से ज्यादा हो गया है। भारत में भी इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इस वायरस को फैलने से रोकने के लिए भारत में 21 दिन का लॉकडाउन लगा दिया गया है। इस लॉकडाउन की वजह से लोगों को अपने घरों में कैद होना पड़ रहा है। इस लॉकडाउन में डिप्रेशन से बचने के लिए एक्टर ऋषि कपूर ने एक अनोखा आइडिया दे दिया है।

ऋषि कपूर के मुताबिक इस समय राज्य सरकारों को शराब की सभी दुकाने खोल देनी चाहिए। वो ट्वीट करते हैं - सरकार को शाम के समय सभी शराब की दुकाने खोल देनी चाहिए। मुझे गलत मत समझिए, लेकिन इंसान घर पर बैठकर डिप्रेशन में जीने को मजबूर है। डॉक्टर- पुलिसवालों को भी तनाव से मुक्ति चाहिए। वैसे भी ब्लैक में तो बेची ही जा रही है।

ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) ने सरकार से अपील की है कि वो इस समय शराब को लीगलाइज कर दें। उनके मुताबिक राज्य सरकार को वैसे भी अभी एक्साइज से मिल रहे पैसों की बहुत जरूरत है। अब ऋषि कपूर की ये अपील सरकार पर कोई असर डालती है ये तो समय बताएगा लेकिन कुछ लोगों ने ऋषि कपूर को घेरने की कोशिश की है। एक यूजर लिखते हैं- परेशान मन के साथ शराब पीना और ज्यादा खतरनाक हो जाएगा। वहीं, कुछ लोगों का मानना है कि ऐसा करने से पैनिक फैल जाएगा और दुकानों के बाहर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिलेगी।