कोरियोग्राफर सरोज खान नहीं रहीं, 71 साल की उम्र में हार्ट अटैक से हुआ निधन

बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का गुरुवार देर रात कार्डियक अरेस्ट के चलते मुंबई में निधन हो गया। वे बीते कुछ दिनों से बीमार चल रहीं थीं। उन्हें बांद्रा स्थित एक हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। उनका कोरोना टेस्ट निगेटिव आया था। मौत के वक्त सरोज के पति बी. सोहनलाल, बेटा हामिद खान और दोनों बेटियां हिना और सुकन्या उनके करीब थीं। उनका अंतिम संस्कार आज मुंबई स्थित मलाड के मलवानी में किया जाएगा। सरोज खान के परिवार से जुड़े एक सूत्र ने दावा किया था कि उनका स्वास्थ्य धीरे-धीरे बेहतर हो रहा था। जल्द ही उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। लेकिन अचानक देर रात उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें बचाया नहीं जा सका।

71 साल की सरोज खान ने करीब 2000 गाने कोरियोग्राफ किए। सरोज करीब 40 साल बॉलीवुड में कोरियोग्राफर रहीं। इसके अलावा साउथ की कई फिल्मों में भी उन्होंने एक्टर्स को डांस स्टेप्स सिखाए। श्रीदेवी और माधुरी दीक्षित समेत बॉलीवुड की तमाम बड़ी एक्ट्रेस उनके निर्देशन में थिरकती नजर आईं। सरोज खान को अपनी कोरियोग्राफी की कला के चलते 3 बार नेशनल अवॉर्ड मिल चुका था। संजय लीला भंसाली की फिल्म देवदास में डोला-रे-डोला गाने की कोरियोग्राफी के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड मिला था।

सरोज की पहली फिल्म 1974 में आई गीता मेरा नाम थी। इसमें हेमामालिनी लीड रोल में थीं। तीन बार उन्होंने नेशनल अवॉर्ड अपने नाम किया। मिस्टर इंडिया का हवा-हवाई (1987), एक दो तीन (तेजाब) का बेहद हिट रहा। 1988 में आई इस फिल्म से माधुरी दीक्षित छा गईं थीं। 1992 में आई बेटा का गीत धक-धक करने लगा और डोला रे डोला (2002) उनके हिट नंबर हैं।

आखिरी फिल्म माधुरी के साथ

सरोज खान ने आखिरी बार करण जौहर के प्रोडक्शन हाउस के तले बनी फिल्म कलंक में तबाह हो गए गाने गाने को कोरियोग्राफ किया था। इस गाने में उनकी फेवरेट एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित नजर आई थीं। यह फिल्म 2019 में रिलीज हुई थी।

24 जून को अस्पताल में भर्ती हुईं थीं

बता दे, 24 जून से ही सरोज की तबीयत खराब थी। उन्हें मुंबई के गुरु नानक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उन्हें सांस लेने में तकलीफ थी।

कोरोना से बचने के लिए शेयर किया था वीडियो

मई में कोरियोग्राफर सरोज खान ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया थे। इसमें वे देशवासियों से कोरोना वॉरियर्स की रिस्पेक्ट करते अपील करते हुए नजर आ रही थीं। सरोज ने इस वीडियो में कहा था- 'आप क्यों नहीं समझते हैं। बच्चों से जिंदगी मत छीनो। कुछ तो रिस्पेक्ट दिखाओ। भगवान के वास्ते, अल्लाह के वास्ते अपनी देखभाल करो। घर पर रहो।'