करीना कपूर को जब सरोज खान ने कहा था - पैर नहीं चला सकती तो फेस ही चला

बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का गुरुवार देर रात कार्डियक अरेस्ट के चलते मुंबई में निधन हो गया। वे बीते कुछ दिनों से बीमार चल रहीं थीं। उन्हें बांद्रा स्थित एक हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। सरोज खान का निधन रात 1:52 मिनट पर हुआ।

71 साल की सरोज खान ने करीब 2000 गाने कोरियोग्राफ किए। सरोज करीब 40 साल बॉलीवुड में कोरियोग्राफर रहीं। इसके अलावा साउथ की कई फिल्मों में भी उन्होंने एक्टर्स को डांस स्टेप्स सिखाए। श्रीदेवी और माधुरी दीक्षित समेत बॉलीवुड की तमाम बड़ी एक्ट्रेस उनके निर्देशन में थिरकती नजर आईं। इस बीच, उन्हें करीना कपूर खान ने याद करते हुए अपनी यादें साझा की हैं।

करीना ने इंस्टाग्राम पोस्ट पर उस वाक्या के बारे में बताया है जब सरोज खान ने उन्हें सबक दिया था। करीना लिखती हैं, 'मास्टर जी हमेशा मुझसे कहती थीं, पैर नहीं चला सकती तो फेस ही चला। उन्होंने मुझे यही सिखाया, डांस, मुस्कान और आंखों से मुसकुराने को कैसे एन्जॉय करते हैं। उनके जैसा दूसरा कोई नहीं हो सकता। जो उन्हें प्यार करता था उनके लिए डांस और एक्सप्रेशन फिर कभी पहले जैसे नहीं होंगे। आपसे प्यार है मास्टर जी, हम फिर डांस करेंगे। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे।'

इसी के साथ करीना ने एक फोटो शेयर की है जिसमें सरोज खान उन्हें डांस के मूव सीखा रही हैं। फोटो करीना की हिट फिल्मों में से एक जब वी मेट की है। करीना ये इश्क हाये गाने की कॉस्ट्यूम में नजर आ रही हैं। बता दें कि सरोज खान ने शुक्रवार को आखिरी सांस ली। उनका मुंबई के हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था।

बता दे, 24 जून से ही सरोज की तबीयत खराब थी। उन्हें मुंबई के गुरु नानक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उन्हें सांस लेने में तकलीफ थी।