CAA Protest: विवादित ट्वीट पर फरहान अख्तर के खिलाफ केस दर्ज, डर और अराजकता फैलाने का लगा आरोप

नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के विरोध में ट्विट करना बॉलीवुड एक्टर फरहान अख्तर के लिए भारी पड़ गया। सैदाबाद में हिंदू संगठन ने फरहान अख्तर के खिलाफ आईपीसी की धारा 121 (भारत सरकार के खिलाफ छेड़ना या युद्ध छेड़ने के लिए उकसाना), 121A (भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने की साजिश रचना), 120B (आपराधिक साजिश रचना) और 505 (समुदायों के बीच नफरत पैदा करना) के तहत केस दर्ज कराया है। संगठन ने अभिनेता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि बॉलिवुड ऐक्टर फरहान अख्तर ने अपने ऑफिशल ट्विटर हैंडल से देशद्रोही ट्वीट किया, जिससे डर और अराजकता फैल गई। फरहान पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने लोगों में डर और अराजकता पैदा करने के साथ-साथ मुस्लिमों, ट्रांसजेंडर्स, नास्तिक और दलितों को राष्ट्र के खिलाफ भड़काने का काम किया है। फरहान पर देश के अलग-अलग समुदायों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया गया है।

दरअसल, फरहान ने CAA के खिलाफ एक ट्वीट किया था। इसमें उन्होंने CAA/CAB की डिटेल साझा की थी। साथ ही लिखा था कि यहां आपको यह जानने की जरूरत है कि क्यों ये आंदोलन जरूरी हैं। मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में 19 दिसंबर को मिलते हैं। सोशल मीडिया में अकेले आंदोलन करने का वक्त खत्म हो गया है। इसके साथ ही उन्होंने एक नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और राष्ट्रीय नागरिक पंजीकरण (NRC) की व्याख्या करने वाली एक तस्वीर भी शेयर की है।

इसके बाद उन्होंने एक और ट्वीट किया और लिखा कि मैंने 19 दिसंबर को प्रोटेस्ट मीटिंग करने के लिए एक मैसेज पोस्ट किया था। इसके साथ ही एक ग्राफिक भी शेयर किया था। इस ग्राफिक पर इंडिया का मैप गलत है। कश्मीर का हर इंच और भाग इंडिया का पार्ट है और मैं गलत मैप को रिजेक्ट करता हूं। मुझे खेद है कि इसे मैंने पहले नहीं देखा इसलिए लिए मैं माफी मांगता हूं।

इसके दो दिन बाद उन्होंने मुंबई पुलिस को धन्यवाद देते हुए एक और ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा था कि शांतिपूर्ण आंदोलन के लिए मुंबई को शाबाशी और लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखने के लिए मुंबई पुलिस को धन्यवाद।

बता दें फरहान के अलावा CAA के विरोध में बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना, राजकुमार राव, परिणीति चोपड़ा, जावेद अख्तर, जीशान अयूब, आलिया भट्ट, स्वरा भास्कर, सिद्धार्थ मल्होत्रा, डायरेक्टर अनुराग कश्यप ने भी आवाज उठाई है।