अर्जुन कपूर ने मिलाया एकता कपूर से हाथ, मोहित सूरी का होगा निर्देशन

अर्जुन कपूर इन दिनों अपनी फिल्म ‘इंडियाज मोस्ट वांटेड’ के साथ ही मलाइका अरोड़ा के साथ शादी की खबरों के चलते मीडिया में काफी चर्चा पा रहे हैं। इन्हीं चर्चाओं के बीच उनको लेकर एक और चर्चा सामने आ रही है। कहा जा रहा है कि अर्जुन कपूर ने दो साल बाद एक बार फिर से निर्मात्री एकता कपूर से हाथ मिला लिया। वर्ष 2017 में अर्जुन कपूर ने एकता कपूर की फिल्म ‘हॉफ गर्लफ्रेंड’ में काम किया था। जो चेतन भगत के इसी नाम के उपन्यास पर बनी थी। इस फिल्म का निर्देेशन मोहित सूरी ने किया था। कहा जा रहा है कि जिस फिल्म के लिए एकता कपूर और अर्जुन कपूर एक मंच पर आए हैं उसके निर्देशन की जिम्मेदारी मोहित सूरी को सौंपी जाएगी। ‘हॉफ गर्लफ्रेंड’ का निर्देशन भी मोहित सूरी ने किया था और इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 60 करोड़ के लगभग कारोबार किया था। संभवत: यह फिल्म आगामी वर्ष शुरू होकर उसी साल प्रदर्शित होगी।

रिपोर्ट के अनुसार एकता कपूर की यह नई फिल्म अभी शुरूआती दौर में हैं। यदि सभी चीजें ठीक रहती हैं तो जल्द ही इस फिल्म पर प्री-प्रोडक्शन का काम शुरू हो जाएगा। मोहित सूरी के जन्मदिन पर एकता कपूर ने एक तस्वीर शेयर की थी जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा था कि उन्होंने एक बहुत शानदार स्क्रिप्ट डिस्कस की है। अर्जुन कपूर जल्द ही फिल्म इंडियाज मोस्ट वॉन्टेड में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म इसी साल 24 मई को रिलीज होने जा रही है। इसके अलावा अर्जुन संदीप और पिंकी फरार और पानीपत में भी नजर आने वाले हैं।