अर्जुन कपूर के करिअर दांव पर, ‘इंडियाज मोस्ट वांटेड’ भी हुई असफल

लम्बे समय से अभिनेता अर्जुन कपूर एक अदद हिट फिल्म के लिए तरस रहे हैं। उनका पूरा करिअर अब दांव पर लग गया है। वैसे भी इन दिनों वे मलाइका अरोड़ा के साथ अपने सम्बन्धों को लेकर खासी बदनामी झेल रहे हैं। व्यक्तिगत जिन्दगी में आलोचना का शिकार होने वाले अर्जुन कपूर अब व्यावसायिक मोर्चे पर भी लगातार आलोचना का शिकार हो रहे हैं। उनकी हालिया प्रदर्शित फिल्म ‘इंडियाज मोस्ट वांटेड’ पूरी तरह से असफल हो गई है। इस फिल्म ने पिछले चार दिन में बॉक्स ऑफिस पर मात्र 10 करोड़ का कारोबार किया है। सच्ची घटनाओं पर आधारित फिल्म को दर्शक नहीं मिल रहे हैं। पहले दिन से फिल्म की कमाई ने सुस्त रफ्तार पकड़ी हुई है। फिल्म का ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन निराशाजनक है। अर्जुन कपूर की फिल्म ने 3 दिन में सिर्फ 8.66 करोड़ का कारोबार किया है। सोमवार के कारोबार को लेकर अनुमान व्यक्त किया जा रहा है कि इसने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 1.50 करोड़ का कारोबार किया है। इस तरह से कुल मिलाकर अब तक यह फिल्म 10 करोड़ का कारोबार कर चुकी है, जो इसकी पूरी तरह से असफलता की निशानी है।

ट्रेड एक्सपर्ट तरण आदर्श ने ट्वीट कर फिल्म के तीन दिनों का कलेक्शन साझा किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- वीकेंड में इंडियाज मोस्ट वॉन्टेड की कमाई में उछाल आई, लेकिन ये पर्याप्त नहीं है। तीन दिन का कलेक्शन उम्मीद से कम है। शुक्रवार को मूवी ने भारतीय बाजार में 2.10 करोड़, शनिवार को 3.03 करोड़ और रविवार को 3.53 करोड़ की कमाई की। अच्छे रिव्यू के बावजूद अर्जुन कपूर की फिल्म दर्शकों को इंप्रेस नहीं कर रही है। कई बॉलीवुड सेलेब्स ने अर्जुन कपूर और फिल्म के प्लॉट की तारीफ भी की, लेकिन सेलेब्स का सपोर्ट भी फिल्म के लिए फायदेमंद साबित नहीं हो रहा है। अगर अर्जुन कपूर की मूवी यूं ही धीमी रफ्तार से आगे बढ़ी तो इसका बॉक्स ऑफिस पर टिकना मुश्किल हो जाएगा।