‘सानू केहंदी के चूड़ी...’ केसरी का पहला गाना जारी, सरदारों के अंदाज में नाचते नजर आए अक्षय कुमार

अपने ट्रेलर जारी होने से ही दर्शकों में चर्चा का विषय बनी अक्षय कुमार (Akshay Kumar) की 21 मार्च को प्रदर्शित होने वाली करण जौहर के बैनर की अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी फिल्म ‘केसरी (Kesari)’ का पहला गीत (Kesari First Song) ‘सानू केहंदी के चूड़ी ले आए नहीं तो मर जाणा. . .’ को जारी कर दिया गया है। इस गीत को जारी करने से पहले निर्माताओं ने इसके प्रमोशन के साथ इसका टीजर जारी किया था।

इस गीत को तनिष्क बागची ने संगीतबद्ध किया है और रोमी और बृजेश शांडिल्य ने इसे अपनी आवाज दी है। इस गीत की सबसे बड़ी खूबी इसके डांस स्टेप्स हैं। बताया जा रहा है कि इस गीत को सिर्फ तीन दिन में ही शूट कर लिया गया था। गीत की धुन और बोल कर्णप्रिय हैं। गीत खत्म होने से पहले श्रेाताओं को अपने साथ कदम ताल करने पर मजबूर करता है। उम्मीद है ‘केसरी’ का यह गीत जल्द ही शादी समारोहों की रौनक बढ़ाता नजर आएगा।

अक्षय कुमार (Akshay Kumar) अभिनीत ‘केसरी (Kesari)’ ऐतिहासिक घटनाक्रम सारागढ़ी के युद्ध पर है, जिसमें 21 सिख सैनिकों ने 10,000 अफगानी योद्धाओं से लोहा लिया था। इस फिल्म को अनुराग सिंह ने निर्देशित किया है, जिन्होंने गिरीश कोहली के साथ मिलकर इसकी कहानी को भी लिखा है। अक्षय कुमार के साथ परिणीति चोपड़ा नजर आएंगी। इस फिल्म में वे अक्षय कुमार की पत्नी की भूमिका निभा रही हैं। जारी हुए ट्रेलर में वे सिर्फ दो दृश्य में नजर आईं थी, फिल्म में उनकी भूमिका कितनी बड़ी होगी इसका पता तो फिल्म प्रदर्शन के बाद ही चलेगा।