अपने पुत्र अजय देवगन को बॉलीवुड में बतौर एक्शन स्टार स्थापित करने वाले एक्शन निर्देशक वीरू देवगन का कल सुबह मुम्बई में निधन हो गया। वीरू देवगन ने 80 व 90 के दौर में हिन्दी सिनेमा में बेहतरीन एक्शन दृश्यों का संयोजन किया था। उन्होंने अपने पुत्र की पहली फिल्म ‘फूल और काँटे’ में अजय देवगन के लिए कुछ विशेष एक्शन दृश्यों की रचना की थी, जिसकी बदौलत अजय देवगन बॉलीवुड में एक्शन स्टार के रूप में स्थापित हुए।
वीरू देवगन का सोमवार 27 मई को सुबह निधन हो गया। उन्हें सांस लेने में तकलीफ के चलते सुबह ही सांताक्रूज के सूर्या हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। इसके बाद कार्डिएक अरेस्ट के कारण उनका निधन हो गया।
वीरू देवगन ने बॉलिवुड की 80 से ज्यादा फिल्मों में एक्शन निर्देशक के तौर पर काम किया था। इसके अलावा उन्होंने 1999 में अजय देवगन को दोहरी भूमिका में अमिताभ बच्चन के साथ लेकर ‘हिंदुस्तान की कसम’ नामक फिल्म का निर्देशन भी किया था। हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल हो गई थी। वीरू देवगन की कुछ मशहूर फिल्मों में दिलवाले, हिम्मतवाला और शहंशाह शामिल हैं।
वीरू का जन्म अमृतसर में हुआ था और उनके अजय देवगन सहित कुल 4 बच्चे हैं। उन्होंने ऐक्टर के तौर पर क्रांति, सौरभ और सिंहासन नाक फिल्मों में छोटी भूमिकाएं भी निभाई थीं।