बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने की आत्महत्या, घर पर लगाई फांसी

बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या कर ली है। बिहार स्थित पूर्णिया के निवासी सुशांत ने मुंबई स्थित बांद्रा में अपने घर में आत्महत्या की। अभी तक उनके इस फैसले के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया है। सुशांत बॉलीवुड के बेहद लोकप्रिय एक्टर थे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टीवी एक्टर के तौर पर की थी।

सुशांत सिंह राजपूत ने 'किस देश में है मेरा दिल' नाम के डेली सोप में काम किया पर उनको पहचान एकता कपूर के धारावाहिक 'पवित्र रिश्ता' से मिली। इसके बाद सुशांत को फिल्में भी मिलने लगीं। 'काय पो छे!' में सुशांत मुख्य अभिनेता थे और उनके अभिनय की काफी तारीफ भी हुई थी। इसके बाद सुशांत 'शुद्ध देसी रोमांस' में वाणी कपूर और परिणीति चोपड़ा के साथ दिखे।

हालांकि उन्होंने सबसे ज्यादा चर्चा भारतीय टीम के पूर्व कप्तान एम एस धोनी का किरदार निभा कर बटोरी थी। ये सुशांत के करियर की पहली फिल्म थी जिसने सौ करोड़ का कलेक्शन किया था। सुशांत इसके अलावा फिल्म सोनचिड़िया और छिछोरे जैसी फिल्मों में नजर आ चुके थे। उनकी आखिरी फिल्म केदारनाथ थी जिसमें वे सारा अली खान के साथ दिखे थे।

सुशांत सिंह राजपूत का जन्म पटना में हुआ था। 2000 के शुरुआत में उनका परिवार दिल्ली में बस गया था। सुशांत की 4 बहनें हैं। उनमें से एक मीतू राज्य स्तर की क्रिकेट खिलाड़ी हैं।

12 फिल्मों में किया काम

काय पो छे, शुद्ध देसी रोमांस, पीके, डिटेक्टिव व्योमकेश बख्शी, एमएस धोनी: अनटोल्ड स्टोरी, राब्ता, वेल्कम टू न्यू यॉर्क, केदारनाथ, सोनचिड़िया, छिछोरे, ड्राइव और दिल बेचारा फिल्मों में काम किया था।