यादें / अपनी शादी के दिन बेहोश हो गए थे ऋषि कपूर

बॉलीवुड एक्टर ऋषि कपूर का मुंबई के अस्पताल में अचानक निधन हो गया। उनकी तबीयत खराब थी जिसके कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऋषि को कैंसर था। ऋषि कपूर के निधन से उनके दोस्त और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन काफी दुखी हैं। ऋषि कपूर प्रोफेशनली जितने हिट थे, उतने ही पर्सनली भी एक अच्छे पति थे। आइए बताते हैं दोनों की शादी का एक दिलचस्प किस्सा...

ऋषि और नीतू की शादी 22 जनवरी 1980 को हुई थी। ऋषि कपूर और नीतू कपूर मोस्ट आइकॉनिक ऑनस्क्रीन और ऑफस्क्रीन कपल्स में से एक थे। शादी के इतनों सालों से बाद भी दोनों की केमिस्ट्री गजब की थी। ऋषि हर बात पर नीतू की तारीफ करते थे। कपूर खानदान की इस शादी में देश के साथ दुनिया की भी नामचीन हस्तियां शामिल हुई थीं, लेकिन इस बीच कुछ ऐसा हुआ था कि सब घबरा गए थे। एक इंटरव्यू के दौरान नीतू सिंह ने बताया था कि शादी के दौरान ऋषि और वे बेहोश हो गई थीं।

नीतू सिंह ने बताया था, 'हम दोनों बेहोश हो गए थे, लेकिन दोनों के बेहोश होने के कारण अलग थे। मैं लहंगा संभालते-संभालते बेहोश हो गई थी। जबकि ऋषि अपने आसपास बहुत ज्यादा भीड़ देखकर परेशान हो गए थे और वे भी चक्कर खाकर गिर पड़े थे। बाद में जब हम दोनों ठीक हुए, तब हमारी शादी पूरी हुई।'

ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) और नीतू का अफेयर काफी चर्चा में रहा। ऋष‍ि कपूर के अफेयर ना सिर्फ शादी से पहले बल्कि शादी के बाद भी रहे। नीतू संग शादी रचाने के बाद ऋषि का उनसे आधी उम्र से कम एक्ट्रेस दिव्या भारती (Divya Bharti) संग अफेयर भी खूब सुर्खियों में रहा था।