अभिनेता इरफान खान का निधन, कोलन इन्फेक्शन की वजह से मुंबई के अस्पताल में तोड़ा दम

बॉलीवुड एक्टर इरफान खान का 54 साल की उम्र में बुधवार को निधन हो गया। मंगलवार सुबह वे अपने घर के बाथरूम में गिर गए थे। इसके बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इरफान पेट की समस्या से जूझ रहे थे। उन्हें कोलन इंफेक्शन हुआ था। इससे पहले इरफान को न्यूरोइंडोक्राइन ट्यूमर हुआ था। इसका उन्होंने लंबे समय तक इलाज कराया था। इरफान की हाल ही में ‘अंग्रेजी मीडियम’ फिल्म रिलीज हुई थी।
डायरेक्टर शूजीत सरकार ने इरफान खान के निधन की खबर दी है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- 'मेरा प्यारा दोस्त इरफान। तुम लड़े और लड़े और लड़े। मुझे तुम पर हमेशा गर्व रहेगा। हम दोबारा मिलेंगे। सुतापा और बाबिल को मेरी संवेदनाएं। तुमने भी लड़ाई लड़ी। सुतापा इस लड़ाई में जो तुम दे सकती थीं तुमने सब दिया। ओम शांति। इरफान खान को सलाम।'दो साल पहले मार्च 2018 में इरफान को न्यूरोइंडोक्राइन ट्यूमर बीमारी का पता चला था। उन्होंने खुद फैंस के साथ यह खबर साझा की थी। उन्होंने ट्वीट किया था, 'जिंदगी में अचानक कुछ ऐसा हो जाता है, जो आपको आगे लेकर जाता है। मेरी जिंदगी के पिछले कुछ दिन ऐसे ही रहे हैं। मुझे न्यूरो इंडोक्राइन ट्यूमर नामक बीमारी हुई है। लेकिन, मेरे आसपास मौजूद लोगों के प्यार और ताकत ने मुझमें उम्मीद जगाई है।' बीमारी का पता लगने के बाद इरफान खान इलाज कराने लंदन गए थे। वहां वे करीब एक साल रहे और फिर अप्रैल 2019 में भारत लौटे। बॉलीवुड के टैलेंटेड अभिनाताओं में शामिल इरफान खान के यूं अचानक चले जाने से उनके फैंस और बॉलीवुड सेलेब्स सदमे में हैं।