अलविदा इरफान / देश में दौड़ी शोक की लहर, अमिताभ बच्चन से लेकर अशोक गहलोत ने ट्विट कर दी श्रद्धांजलि

देश जिस वक्त एक कोरोना महासंकट से जूझ रहा है, उस बीच बॉलीवुड से एक बड़ी ही दुख की खबर आई है। मशहूर एक्टर इरफान खान का निधन हो गया है। बुधवार को मुंबई के एक अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। मंगलवार को खबर आई थी कि कोलोन इंफेक्शन के कारण उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि पिछले दो महीनों से इरफान की तबीयत तेजी से बिगड़ गई थी और नाममात्र का सुधार हो रहा था। इरफान के यूं अचानक निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। इरफान के निधन की खबर सामने आने के बाद हर कोई अपना दुख व्यक्त कर रहा है। अमिताभ बच्चन, अशोक गहलोत से लेकर अरविंद केजरीवाल तक हर किसी ने अपनी ओर से श्रद्धांजलि दी है।

अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर लिखा कि इरफान खान के निधन की खबर मिली है, ये काफी दुखी खबर है। एक शानदार टैलेंट, शानदार सहकर्मी जिन्होंने सिनेमा की दुनिया में काफी योगदान दिया। वो आज हमें काफी जल्दी छोड़कर चले गए हैं और एक खालीपन छोड़ गए हैं।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर लिखा कि देश के सबसे शानदार अभिनेताओं में से एक इरफान खान के निधन की खबर दुख देने वाली है। भगवान उनके परिवार को शक्ति दे।

इरफान खान के निधन पर कवि कुमार विश्वास ने भी दुख जताया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि प्रथा ,हासिल जैसी शुरुआती फ़िल्मों से आजतक भारतीय सिनेमा के प्रातिभ ग्लोबल अभिनेता, मेरे दोस्त इरफ़ान का यूं जाना तोड़ गया। “रहने को सदा दहर में आता नहीं कोई, तुम जैसे गए ऐसे भी जाता नहीं कोई ! इक बार तो ख़ुद मौत भी घबरा गई होगी, यूँ मौत को सीने से लगाता नहीं कोई...!”

बता दे, इरफान को न्यूरोइंडोक्राइन ट्यूमर हुआ था। मार्च 2018 में इरफान को अपनी बीमारी का पता चला था। उन्होंने खुद फैंस के साथ यह खबर साझा की थी। इसका उन्होंने लंदन में इलाज कराया था। वे अप्रैल 2019 में ही भारत लौटे थे। लौटने के बाद इरफान ने ‘अंग्रेजी मीडियम’ फिल्म की शूटिंग शुरू की थी। यह फिल्म बीते मार्च में रिलीज हुई।