माँ बनने वाली हैं करीना कपूर खान, बेबी बंप के साथ वायरल हुई तस्वीरें!

करीना कपूर खान (Kareena Kapoor Khan) एक बार फिर से अपनी तस्वीरों के चलते चर्चाओं में आ गई हैं। इंटरनेट की दुनिया में इस वक्त उनकी ताजा तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं जिसमें वो ‘बेबी बंप (Kareena Kapoor Pregnant)’ के साथ दिखाई दे रही हैं। तस्वीरें देखने के बाद दर्शकों के जेहन में यह प्रश्न गूंज रहा है कि क्या करीना कपूर खान एक बार फिर से माँ बनने वाली हैं। दो वर्ष पूर्व ही उन्होंने अपने पहले बेटे तैमूर को जन्म दिया था। करीना कपूर खान जब पहली बार माँ बनने वाली थी तब भी उन्होंने अपने बेबी बंप के साथ ना सिर्फ फिल्मों में काम किया अपितु कई समारोहों और फिल्मी पार्टियों में भी वो बिंदास होकर बेबी बंप के साथ नजर आई थी। तैमूर को जन्म देने के बाद उन्होंने शीघ्र ही अपना वजन कम करते हुए फिल्मों में वापसी की। अपनी वापसी में उन्होंने अनिल कपूर प्रोडक्शन की फिल्म ‘वीरे दी वेडिंग’ दी जिसमें वे सोनम कपूर, स्वरा भास्कर और शिखा तलसानिया के साथ नजर आईं थी। गत वर्ष प्रदर्शित हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन कमाई की थी।

करीना कपूर खान (Kareena Kapoor Khan) इन दिनों करण जौहर की फिल्म ‘गुड न्यूज (Good News)’ की शूटिंग कर रही हैं जिसमें उनके साथ अक्षय कुमार (Akshay Kumar) नजर आने वाले हैं। इस फिल्म को इस वर्ष 6 सितम्बर को प्रदर्शित किया जाएगा। ‘गुड न्यूज’ की कहानी एक ऐसे दम्पत्ति की कहानी है जो बच्चा पाने की कोशिश करते दिखाई दे रहा है। करीना कपूर खान की जो तस्वीरें बेबी बंप के साथ वायरल हो रही हैं वह इसी फिल्म के एक दृश्य की तस्वीरें हैं।

वायरल हो रही तस्वीर में करीना कपूर खान ग्रे कलर का ट्रैक सूट पहने दिखाई दे रही हैं। तैमूर को जन्म देने के बाद करीना कपूर खान की यह दूसरी फिल्म होगी। इससे पहले उनकी ‘वीरे दी वेडिंग’ आई थी। ‘गुड न्यूज’ के अतिरिक्त करीना कपूर खान करण जौहर की मेगा बजट और मल्टीस्टारर फिल्म ‘तख्त’ में भी नजर आने वाली हैं। ‘तख्त’ मुगल काल पर आधारित फिल्म है जिसमें वे अनिल कपूर (शाहजहाँ) की बेटी जहाँआरा की भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म में उनके भाईयों के किरदार में दारा शिकोह के रूप में रणवीर सिंह और औरंगजेब के किरदार में विक्की कौशल नजर आएंगे। इन दोनों के साथ यह करीना कपूर की पहली फिल्म होगी। इस फिल्म में इनके अतिरिक्त आलिया भट्ट, जाह्नवी कपूर, भूमि पेडनेकर भी अहम् किरदारों में नजर आएंगी। करण जौहर इस फिल्म को आगामी वर्ष ईद के मौके पर प्रदर्शित करने का विचार कर रहे हैं।