अगले साल से RK Studio में नहीं आएंगे गणपति बप्पा, आरती करते हुए रो पड़े रणधीर कपूर, वीडियो

बॉलीवुड सेलेब्रिटीज में गणेश चतर्थी को लेकर जबरदस्त उत्साह रहता है। सलमान खान जहां इस साल अर्पिता के घर पूरे परिवार के साथ गणेश उत्सव का आनंद ले रहे है वही कपूर खानदान आरके स्टूडियो में आखिरी बार गणेश उत्सव मना रहा है। कपूर खानदान तो पिछले 70 सालों से आरके स्टूडियो में गणेश उत्सव मनाता आ रहा है लेकिन ये साल कपूर खानदान और आरके स्टूडियो के लिए ऐतिहासिक साबित हो गया।

कुछ समय पहले ही कपूर भाइयों ने मिलकर स्टूडियो को बेचने का फैसला लिया है। गणेश स्थापना से पहले रणधीर कपूर और राजीव कपूर आरके स्टूडियो पहुंचे। ऋषि कपूर अपने बेटे रणबीर के साथ नजर आए। ये आखिरी बार है जब स्टूडियो में गणेश स्थापना हुई है। रणधीर, राजीव, ऋषि और रणबीर कपूर ने गणेश आरती की। इस दौरान रणधीर अपने आंसू नहीं रोक पाए।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रणधीर ने बताया कि उनका परिवार बहुत दुखी है। रणधीर ने कहा, 'आज आखिरी बार स्टूडियो में गणेश स्थापना हुई है। मैं और मेरा परिवार बहुत दुखी है। आग लगने के बाद हमें इसे बेचने का फैसला लेना पड़ा। लेकिन आरके स्टूडियो से जुड़ी यादों को मिटाना हमारे लिए बहुत मुश्किल होगा।' रणधीर ही नहीं आरके स्टूडियो में काम करने वाले सभी एंप्लॉई भी रोने लगे। कपूर खानदान चाहता है कि इस बार की गणेश चतुर्थी उनके लिए सबसे स्पेशल रहे। पूजा के दौरान की कुछ फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।