Flashback 2018: अर्जुन और सिद्धार्थ बने असफल सितारों के ‘बादशाह’

वैसे तो इस वर्ष कई सितारों ने जहाँ अपनी कमाई से चौंकाया वहीं बॉलीवुड के दो सितारे ऐसे रहे जिन्होंने असफल होने की ‘बादशाहत’ कायम की। यह सितारे रहे अर्जुन कपूर और सिद्धार्थ मल्होत्रा।

वर्ष 2012 में करण जौहर की फिल्म से अपना करियर शुरू करने वाले सिद्धार्थ तेजी से नीचे की ओर जा रहे हैं। इस वर्ष उनकी एक मात्र फिल्म ‘अय्यारी’ का प्रदर्शन हुआ लेकिन यह बुरी तरह से असफल रही। इस फिल्म का निर्देशन नीरज पांडे ने किया था जो इससे पहले अक्षय कुमार को लेकर कई हिट फिल्में दे चुके हैं। लेकिन इस बार वे भी मात खा गए। सिद्धार्थ के साथी सितारे बहुत आगे बढ गए हैं। उन्हें अच्छी फिल्में और अच्छे निर्देशकों के साथ की जरूरत है।

अर्जुन कपूर दूसरे ऐसे सितारे रहे जिनकी फिल्म अपनी लागत तो दूर की बात सिनेमाघरों का किराया तक नहीं निकाल सकी। विपुल अमृतलाल शाह की ‘नमस्ते इंगलैण्ड’ कब आई और कब गई पता ही नहीं चला। यह विपुल की ही सफल फिल्म नमस्ते लंदन का सीक्वल था। इसमें अर्जुन कपूर के साथ परिणीति चोपडा नजर आई थीं। अपने अभिनय से ज्यादा इस पूरे वर्ष अर्जुन मलाइका अरोडा खान के साथ रिश्तों के चलते चर्चित रहे।