बॉक्स ऑफिस पर ‘एक लड़की को..., औसत शुरूआत की संभावना

बॉक्स ऑफिस पर इस सप्ताह अनिल कपूर (Anil Kapoor), सोनम कपूर (Sonam Kapoor) की पहली फिल्म ‘एक लडक़ी को देखा तो ऐसा लगा (Ek Ladki Ko Dekha Toh Aisa Laga)’ का प्रदर्शन होने जा रहा है। इस फिल्म में उनके साथ राजकुमार राव भी हैं जो इससे पहले अनिल कपूर के साथ फन्ने खाँ और सोनम कपूर के साथ ‘डॉली की डोली’ में नजर आ चुके हैं। यह दोनों ही फिल्में अपने-अपने समय की असफल फिल्मों में शुमार हुई थीं। अब इनके साथ वाली अगली फिल्म ‘इक लडक़ी को देखा तो ऐसा लगा’ में पहली बार तीनों एक साथ नजर आएंगे। इनमें उनका साथ देंगी जूही चावला।

इस फिल्म को लेकर दर्शकों में कोई ज्यादा बज नजर नहीं आ रहा है। हालांकि इसके अब तक जारी हुए दोनों ट्रेलरों व गीतों को दर्शकों ने खासा पसन्द किया है, जिससे बॉक्स ऑफिस को कुछ उम्मीद बंधती है। ट्रेड पर नजर रखने वालों का अनुमान है कि यह पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 3 करोड़ के लगभग ओपनिंग ले सकती है।

इस फिल्म को 20 करोड़ के बजट में बनाया गया है। इसका निर्माण विधु विनोद चोपड़ा और निर्देशन उनकी बहन शैली चोपड़ा धर का है। फिल्म का शीर्षक विधु की ही 1994 में प्रदर्शित हुई ‘1942: ए लव स्टोरी’ के आइकॉनिक गीत ‘एक लडक़ी को देखा तो ऐसा लगा जैसे खिलता गुलाब...’ पर रखा गया है। इस फिल्म में अनिल कपूर ने ही मुख्य भूमिका निभाई थी। सोनम कपूर इस फिल्म से पहले विधु विनोद चोपड़ा की राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘संजू’ में दिखाई दे चुकी हैं। इस फिल्म में उन्होंने टीना मुनीम का किरदार निभाया था।