विवादों में आ सकती है ‘एक लडकी को देखा तो ऐसा लगा’

आगामी वर्ष 1 फरवरी को प्रदर्शित होने वाली निर्देशिका शैली चोपडा धर की फिल्म ‘एक लडकी को देखा तो ऐसा लगा’ के बारे में कहा जा रहा है कि यह फिल्म प्रदर्शन के साथ ही विवादों में आ जाएगी। इसका कारण यह बताया जा रहा है कि यह फिल्म की कहानी ‘लव जिहाद’ पर आधारित है। हालांकि अभी तक इस बात की कोई पुष्टि नहीं हुई है कि इसकी कहानी क्या है। इस फिल्म का ट्रेलर आने वाले सप्ताह में जारी किया जाएगा।

‘एक लडकी को देखा तो ऐसा लगा’ में पहली बार सोनम कपूर (Sonam Kapoor) अपने पिता अनिल कपूर (Anil Kapoor) और अभिनेता राजकुमार राव (Rajkumar Rao) के साथ काम करने जा रही हैं। वहीं इस फिल्म में जूही चावला (Juhi Chawla) भी अरसे बाद अनिल कपूर (Anil Kapoor) के साथ दिखाई देंगी। अपनी फिल्मों की सफलता के बूते राजकुमार राव (Rajkumar Rao) इन दिनों कई नामचीन अभिनेत्रियों के साथ काम कर रहे हैं। हाल ही में कहा जा रहा था कि मेघना गुलजार ने उन्हें अपनी फिल्म ‘छपाक’ में दीपिका के अपोजिट लेना चाहा था लेकिन बाद में यह किरदार विक्रम के हाथ लगा। इस वर्ष राजकुमार राव ‘स्त्री’ में श्रद्धा कपूर और ‘फन्ने खां’ में ऐश्वर्या राय बच्चन के साथ नजर आ चुके हैं।

शैली चोपडा धर के निर्देशन में बनी ‘एक लडकी को देखा तो ऐसा लगा’ का टाइटल वर्ष 1994 में आई विधु विनोद चोपडा की फिल्म ‘1942: ए लव स्टोरी’ के प्रसिद्ध गीत ‘एक लडकी को देखा तो ऐसा लगा. . . ’ से लिया गया है। इस फिल्म में अनिल कपूर और मनीषा कोइराला ने मुख्य भूमिका निभाई थी।

गौरतलब है कि गत 7 दिसम्बर को प्रदर्शित हुई अभिषेक कपूर की सुशांत सिंह राजपूत और सारा अली खान अभिनीत फिल्म ‘केदारनाथ’ को लव जिहाद पर बताकर इसका विरोध किया गया था। उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में इस फिल्म को प्रदर्शित नहीं होने दिया गया। वर्तमान में सोनम कपूर दक्षिण के सुपर सितारे दलकीर सलमान के साथ ‘जोया फैक्टर’ नामक फिल्म कर रही हैं। दलकीर सलमान इस वर्ष हिन्दी फिल्म ‘कारवां’ में नजर आए थे।