आदित्य चोपड़ा की अगली फिल्म रणवीर सिंह के साथ!

आठ साल के लम्बे अन्तराल के बाद बतौर निर्देशक दो वर्ष पूर्व ‘बेफिक्रे’ बनाने वाले निर्माता निर्देशक आदित्य चोपड़ा एक और फिल्म के निर्देशन की तैयारी में हैं। बॉलीवुड के गलियारों में जो हवाएँ बह रही हैं उनके अनुसार आदित्य अपनी इस फिल्म में रणवीर सिंह को लेने जा रहे हैं। यदि ऐसा होता है तो यह रणवीर सिंह की आदित्य के साथ दूसरी फिल्म होगी।

बॉलीवुड में रणवीर सिंह का डेब्यू आदित्य चोपड़ा के प्रोडक्शन यशराज फिल्म्स के जरिए ही हुआ था। ‘बैंड बाजा बारात’ उनकी पहली फिल्म थी, जिसे मनीष शर्मा ने निर्देशित किया था। यह फिल्म आगामी वर्ष फ्लोर पर जाएगी, जिसकी जानकारी रणवीर सिंह को है और उनकी तारीखों के हिसाब से ही फिल्म पर काम शुरू किया जाएगा।

ज्ञातव्य है कि रणवीर सिंह अभिनीत ‘पद्मावत’ का प्रदर्शन हो गया है। इस फिल्म में उन्होंने अलाउद्दीन खिलजी का किरदार निभाया है। जिन दर्शकों ने इस फिल्म को देखा है वो अलाउद्दीन खिलजी के रूप में रणवीर सिंह की अदाकारी की भूरि-भूरि प्रशंसा कर रहे हैं। वैसे भी रणवीर सिंह को संजय लीला भंसाली की पिछली दोनों फिल्मों रामलीला और बाजीराव मस्तानी के लिए बहुत याद किया जाता है।