12 घंटे पहले सोशल मीडिया पर एक्टिव थीं Sonali Phogat, हंसते-मुस्कुराते हुए फैंस के साथ शेयर किया था वीडियो

टिकटॉक स्टार, बीजेपी नेता और बिग बॉस 14 फेम सोनाली फोगाट का 41 साल की उम्र में हार्ट अटैक से निधन हो गया। दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्होंने गोवा में अंतिम सांस ली। सोनाली फोगाट के निधन की खबर से हर किसी को गहरा सदमा पहुंचा है। सोनाली फोगाट भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुकी हैं। भाजपा ने साल 2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में हिसार जिले की आदमपुर विधानसभा सीट से कुलदीप विश्नोई के खिलाफ अपना उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वह चुनाव हार गईं थीं। कुलदीप बिश्नोई ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था।

सोनाली फोगाट मल्टी टैलेंटेड स्टार थीं। राजनीति के साथ सोनाली सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव थीं। वे आए दिन ग्लैमरस अवतार में अपने वीडियोज और फोटोज फैंस के साथ शेयर करती रहती थी। सोनाली फोगाट 12 घंटे पहले तक सोशल मीडिया पर एक्टिव थीं। उन्होंने 12 घंटे पहले हंसते-मुस्कुराते हुए अपना एक रील वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया था। वीडियो के साथ उन्होंने अपनी कुछ तस्वीरें भी फैंस के साथ साझा की थी।

सोनाली ने आखिरी रील वीडियो पुराने गाने 'रुख से जरा नकाब हटा दो, मेरे हुजूर।।।' पर बनाकर शेयर किया था। रील वीडियो में सोनाली व्हाइट शर्ट और ब्राउन ट्राउजर में नजर आ रही हैं। उन्होंने सिर पर पिंक कलर की पगड़ी बांधी हुई है। इसी लुक में उन्होंने अपनी कई तस्वीरें भी शेयर की हैं। वीडियोज और फोटोज में हमेशा की तरह उनका चार्म बरकरार है। 12-13 घंटे पहले की पोस्ट में सोनाली एक दम फिट लग रही हैं, उन्हें देखकर आप सोच भी नहीं सकेंगे कि वो अब इस दुनिया में नहीं हैं। बताया जा रहा है कि वह अपने कुछ स्टाफ मेंबर के साथ गोवा गई थीं।