कपिल शर्मा को मिला कमीडियन कृष्णा अभिषेक और भारती सिंह का साथ!

यह तो हम सभी जानते है कि मशहूर कमीडियन कपिल शर्मा एक बार फिर अपने शो के साथ टीवी पर धमाका करने को तैयार है। पिछले काफी समय से फैन्स कपिल के इस शो का इंतजार कर रहे हैं।अपनी खराब तबीयत के चलते पिछले एक साल से कपिल टेलिविजन से गायब है। अब उनके शो से जुड़ी एक और अपडेट सामने आ रही है।

कमीडियन कृष्णा अभिषेक और भारती सिंह का मिलेगा साथ

कहा जा रहा है कि पॉप्युलर कमीडियन कृष्णा अभिषेक और भारती सिंह इस शो में उन्हें जॉइन करने जा रहे हैं। अगर इस खबर में सच्चाई है तो यह एक लंबे समय बाद इन तीनों कमीडियंस का रियूनियन होगा। बता दें कि पहले कॉमिडी सर्कस में ये तीनों कमीडियन एक साथ नजर आते थे। उसके बाद कपिल शर्मा अपने शो के साथ अलग हो गए। उसके बाद से ही काफी समय से उन्हें साथ नहीं देखा गया है।

इस खबर को मीडिया से कन्फर्म करते हुए भारती ने कहा है कि वह एक लंबे समय के बाद कृष्णा और कपिल के साथ दिखाई देंगी। बता दें कि कपिल अपने शो के बारे में पहले ही कन्फर्म कर चुके हैं कि उनके शो में शुमोना चक्रवर्ती और कीकू शारदा भी शामिल रहेंगे। इसके अलावा कपिल ने हाल में यह भी घोषणा की थी वह अपनी गर्लफ्रेंड गिन्नी के साथ जल्द शादी भी करने जा रहे हैं। तो इंतजार कीजिए, कपिल शर्मा के धमाकेदार कमबैक का।