एक्टर इरफान खान को इस दुनिया को अलविदा कहे 5 साल से ज्यादा हो चुके हैं, लेकिन वे आज भी फैंस के दिलों में जिंदा हैं। उनकी अदाकारी में एक अलग सा आकर्षण था जो सबको खींचता था। इरफान के बेटे बाबिल खान ने भी अपने पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए एक्टिंग को ही अपना प्रोफेशन बनाया है। बाबिल कुछ समय पहले तक सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थे, लेकिन वे अचानक से वहां से गायब हो गए। उन्होंने तब एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने बॉलीवुड को रूड बताया था। वहीं कुछ सितारों के नाम भी लिए थे। हालांकि कुछ समय बाद ये वीडियो डिलीट कर दिया गया था।
इसके बाद उनके द्वारा कोई पोस्ट शेयर नहीं करने से फैंस चिंतित थे और उनकी बेरूखी की वजह जानना चाह रहे थे। अब करीब 4 महीने के ब्रेक के बाद बाबिल की सोशल मीडिया पर वापसी हो गई है। बाबिल ने हाल ही में अपने ऑफिशियल अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की है। इसके साथ उन्होंने काफी इमोशनल कैप्शन शेयर किया है। बाबिल ने रेड स्वेटर में खुद की तस्वीर शेयर की है। इसके साथ उन्होंने एक कविती लिखी है, जिसके मायने काफी गंभीर है और यह बाबिल की मनोस्थिति बता रही है।
बाबिल ने लिखा, “मेरा मतलब किसी की बात छुपकर सुनना नहीं था, बस ये कांच का घर है, जिसकी दीवारें बहुत पतली हैं। मैंने दिल की बात हमेशा खुलकर कही, अब मेरी टी-शर्ट पर खून के निशान हैं, यानी दिल बहुत जख्मी है। मुझे ठीक होने के लिए कुछ वक्त चाहिए था, मेरे अंदर के डर और तकलीफों ने मुझे गहरे घाव दिए हैं। नींद ना आने और घबराहट के बीच, मैंने कुछ ऐसी बातें कह दी जो शायद अजीब लगी। मैं मदद के लिए पुकार रहा था, लेकिन अपनी बातों को दबा नहीं पाया। इस सबका असर मेरे शरीर और मन दोनों पर पड़ा, मेरी रूह थक चुकी थी इस दबाव से। और फिर मैंने खुद से कहा, ‘तुम अपनी गर्लफ्रेंड से लड़ रहे थे और मैं अपनी डिप्रेशन से लड़ रहा था, रुको जरा सोचो।”
बाबिल ने साल 2022 में ‘कला’ मूवी के साथ किया था एक्टिंग में डेब्यूबाबिल की इस वापसी पर फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के सितारों ने खुशी जताई है। एक्टर विजय वर्मा, गुलशन देवैया और अपारशक्ति खुराना ने उनकी पोस्ट पर कमेंट करते हुए हौसला बढ़ाया। बाबिल पूर्व में अपने पिता को याद करते हुए कई दफा इमोशनल पोस्ट शेयर कर चुके हैं। उनमें कई बातें ऐसी नजर आती हैं, जिसे देख फैंस घबरा जाते हैं। उनसे जाहिर होता है कि वे डिप्रेशन में हैं। बाबिल के करिअर पर नजर डालें, तो उन्होंने इसकी शुरुआत पिता की फिल्म 'करीब-करीब सिंगल' से बतौर कैमरा असिस्टेंट की थी।
इसके बाद उन्होंने साल 2022 में नेटफ्लिक्स की फिल्म 'कला' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा। उनकी एक्टिंग को दर्शकों ने खूब सराहा। साल 2023 में वे वेब सीरीज 'द रेलवे मैन' में नजर आए थे, जिसमें उनके अभिनय ने एक बार फिर लोगों को तारीफ करने पर मजबूर किया। लंदन से फिल्म मेकिंग की पढ़ाई करने वाले बाबिल 'फ्राइडे नाइट प्लान' में भी दिख चुके हैं। हाल ही में उनकी फिल्म 'लॉगआउट' ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर रिलीज हुई, जिसमें उनकी परफॉर्मेंस सराही गई।