डायरेक्टर जेम्स कैमरून की फिल्म 'अवतार: द वे ऑफ वॉटर' ने 14 दिनों में एक बिलियन डॉलर यानी लगभग 8,300 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है। इसी के साथ ये साल 2022 में सबसे तेजी से एक बिलियन डॉलर की कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। 'अवतार 2' के अलावा सिर्फ दो और फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर एक बिलियन डॉलर के आंकड़े को छुआ था। पहली थी हॉलीवुड सुपरस्टार टॉम क्रूज की फिल्म 'टॉप गन: मेवरिक' और दूसरी थी 'जुरसिक वर्ल्ड डॉमिनियन'। हालांकि डायरेक्टर जेम्स कैमरून का कहना है कि अलग और बढ़िया तकनीक के साथ बनी उनकी इस फिल्म का दो बिलियन डॉलर कमाना बनता है।
इस बीच 2009 में आई जेम्स कैमरून की फिल्म 'अवतार' अभी भी दुनियाभर में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी हुई है। इस फिल्म ने2.97 बिलियन डॉलर यानी लगभग 25,000 करोड़ रुपये का कारोबार दुनियाभर में किया था। ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि 'अवतार 2' का ये रिकॉर्ड तोड़ पाना काफी मुश्किल है, क्योंकि कोविड महामारी के बाद सिनेमा में फिल्म देखने वाले लोगों की संख्या अभी भी कम है।'अवतार' से डायरेक्टर जेम्स कैमरून ने पंडोरा नाम की जगह से दर्शकों को रूबरू करवाया था। इस साइंस फिक्शन फिल्म के सीक्वल 'अवतार 2' में पंडोरा में रहने वाले लोगों की आगे की कहानी को दिखाया गया है। सभी मिलकर इंसानों से अपने शहर को बचाने में लगे हैं। अवतार 3, 4, और 5 का ऐलान भी जेम्स कर चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये फिल्में2024, 2026 और 2028 में आएंगी।