डिजिटल प्लेटफार्म पर उतरे अर्जुन रामपाल, सस्पेंस थ्रिलर से भरपूर है ‘द फाइनल कॉल’

अभिनेता अर्जुन रामपाल ने भी अब डिजिटल प्लेटफार्म पर कदम रख दिया है। उनका शो जी5 पर प्रसारित किया जा रहा है। वेब सीरीज ‘द फाइनल कॉल’ प्रिया कुमार की बुक ‘आई विल गो विद यू : द फ्लाइट ऑफ लाइफटाइम’ पर आधारित है। इसमें उनके अलावा नीरज काबी, जावेद जाफरी, साक्षी तंवर, अनुप्रिया गोयनका और विपिन शर्मा ने मुख्य भूमिका निभाई है। विजय लालवानी द्वारा निर्देशित इस शो के 8 एपिसोड्स हैं। शो में सस्पेंस, थ्रिलर, रोमांच के साथ-साथ जिंदगी की फिलॉसफी को भी दर्शाने की कोशिश की गई है। अर्जुन रामपाल ने कैप्टन करण सचदेव की भूमिका निभाई है। करण स्काइ लाइन 504 प्लेन का पायलट है। वह पहले एयरफोर्स में था, लेकिन बाद में कुछ ऐसी परिस्थितियां बनती हैं कि वह फाइटर पायलट के बजाय पैसेंजर पायलट बन जाता है। अर्जुन रामपाल के साथ साक्षी तंवर भी हैं जिन्होंने एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ऑफिसर किरण मिर्जा की सशक्त भूमिका निभाई है। उनका किरदार समझदार महिला का है जो सिर्फ अपनी बातों से ही काम करवाना जानती हैं।
अभिनेता नीरज काबी ने इसमें ज्योतिष कृष्णमूर्ति की भूमिका निभाई है जो यह जानता है कि उसकी मौत इसी फ्लाइट में होने वाली है इसके बावजूद वह इसमें सवार होता है। उन्हें भी ज्ञानी पुरुष के रूप में दर्शाया गया है। वहीं दूसरी ओर अभिनेता जावेद जाफरी ने बिजनेसमैन सिद्धार्थ सिंघानिया का किरदार निभाया है। उसके पास अथाह दौलत है, ऐशो आराम की जिन्दगी वह जीता है सब कुछ है लेकिन नहीं है तो सिर्फ सुकून।

‘द फाइनल कॉल’ की कहानी फ्लाइट कमांडर कैप्टन करण सचदेव के इर्द-गिर्द घूमती है। कैप्टन करण ‘स्काइलाइन 504’ प्लेन को इंडिया से ऑस्ट्रेलिया के लिए उड़ान भरता है। लेकिन आज वह ड्यूटी पर आत्महत्या करने के इरादे से आया है। इसलिए वह सिक्युरिटी को चकमा देकर कुछ जानलेवा दवाएं भी साथ ले आया है। लेकिन गलती से इन दवाइयों से उसके दोनों साथी पायलट की मौत हो जाती है।