अनिरुद्धाचार्य के विवादित बयान पर खुशबू पाटनी का गुस्सा फूटा — 'अगर सामने होते तो बता देती मुंह मारना क्या होता है'; Video

लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से विवादों में घिरे कथावाचक अनिरुद्धाचार्य को अब न केवल सोशल मीडिया यूज़र्स बल्कि बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी की बहन और पूर्व सैन्य अधिकारी खुशबू पटानी से भी तीखी प्रतिक्रिया मिली है। खुशबू ने न सिर्फ सार्वजनिक तौर पर इस बयान की निंदा की, बल्कि इसे राष्ट्र विरोधी मानसिकता करार दिया।

क्या कहा था अनिरुद्धाचार्य ने?

हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में अनिरुद्धाचार्य महाराज लिव-इन रिलेशनशिप्स को लेकर महिलाओं के बारे में बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी करते नजर आए। वीडियो में वे कहते हैं, 25 साल की लड़कियों को लड़के लाते हैं, जो चार-पांच जगह मुंह मारकर आती हैं। उनका यह बयान तुरंत ही लोगों के गुस्से का कारण बन गया और तरह-तरह की आलोचनाएं शुरू हो गईं।
खुशबूपाटनीने दी तीखी प्रतिक्रिया

खुशबू पाटनी, जो एक पूर्व मेजर रह चुकी हैं और सेना में 11 वर्षों तक सेवा दे चुकी हैं, ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में अनिरुद्धाचार्य की बातों को 'नीच मानसिकता' का प्रतीक बताया। उन्होंने तीखे लहजे में लिखा, अगर यह व्यक्ति मेरे सामने होता, तो मैं इसे समझा देती कि मुंह मारना क्या होता है। ये सिर्फ महिलाओं की छवि धूमिल करने वाले राष्ट्र-विरोधी लोग हैं, जो समाज को गुमराह कर रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा, दुख इस बात का है कि ऐसे जाहिल और स्त्री-विरोधी सोच रखने वाले लोगों को आज भी हजारों लोग फॉलो करते हैं। क्या यही है हमारी संस्कृति?

सवाल पुरुषों पर क्यों नहीं उठाए गए?

खुशबू ने अनिरुद्धाचार्य की सोच पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी आलोचना सिर्फ महिलाओं पर क्यों केंद्रित है? लिव-इन में एक महिला अकेले तो नहीं होती। ऐसे रिश्तों में पुरुष भी बराबर के भागीदार होते हैं। फिर सिर्फ महिलाओं को ही क्यों निशाना बनाया जा रहा है? उन्होंने साफ किया कि लिव-इन रिलेशनशिप किसी की निजी पसंद होती है और उसमें किसी की गरिमा को ठेस पहुंचाने की कोई जगह नहीं होनी चाहिए।

ऐसे बयानों से समाज बंटता है

खुशबू का कहना है कि इस तरह के बयानों से समाज में स्त्री-पुरुष के बीच असमानता और लैंगिक भेदभाव को बढ़ावा मिलता है। एक कथावाचक का काम लोगों को जोड़ना और मार्गदर्शन देना होता है, न कि अपने शब्दों से समाज में जहर घोलना।

कौन हैं खुशबू पटानी?

खुशबू पाटनी, बरेली, उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखती हैं और बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी की बड़ी बहन हैं। उन्होंने 11 वर्षों तक भारतीय सेना में सेवा की और 2024 में ‘मेजर’ पद से रिटायर हुईं। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने होलिस्टिक हेल्थ और पर्सनल डेवलेपमेंट के क्षेत्र में कदम रखा। वे आज एक प्रोफेशनल फिटनेस कोच, न्यूट्रिशनिस्ट, ध्यान प्रशिक्षक और स्प्रिचुअल हीलर के रूप में कार्यरत हैं। सोशल मीडिया पर भी उनकी फैन फॉलोइंग लगातार बढ़ रही है।